टीम इंडिया में 4 महीने बाद धाकड़ बल्लेबाज की वापसी, पिछले साल वर्ल्ड कप में लगी थी चोट


Pratika Rawal- India TV Hindi
Image Source : AFP
टीम इंडिया

Pratika Rawal: भारतीय महिला क्रिकेट टीम इस समय ऑस्ट्रेलिया दौरे पर है। टीम इंडिया के ऑस्ट्रेलिया दौरे का 15 फरवरी को T20I सीरीज से आगाज हुआ। पहले ही मैच में भारतीय टीम ने ऑस्ट्रेलिया को मात दी। अब दोनों टीमों के बीच T20I सीरीज का दूसरा मुकाबला कैनबरा में 19 फरवरी को खेला जाएगा। T20I सीरीज का तीसरा और आखिरी मुकाबला 21 फरवरी को एडिलेड में खेला जाएगा। T20I सीरीज के बाद 24 फरवरी से 3 मैचों की ODI सीरीज का आगाज होगा, जिसको लेकर बड़ी खबर आई है।

लंबे समय तक मैदान से रही दूर

दरअसल, भारतीय महिला क्रिकेट टीम में करीब चार महीने बाद युवा और धाकड़ खिलाड़ी प्रतिका रावल की वापसी हो गई है। प्रतिका को ODI सीरीज के लिए भारतीय टीम में शामिल कर लिया गया है। पिछले साल ODI वर्ल्ड कप के दौरान लगी चोट के बाद वह मैदान से दूर थीं, लेकिन अब पूरी तरह फिट होकर टीम में शामिल हो गई हैं। वूमेन्स सिलेक्शन कमेटी ने ऑस्ट्रेलिया महिला टीम के खिलाफ तीन मैचों की ODI सीरीज के लिए प्रतिका रावल को भारतीय दल में शामिल किया है। यह सीरीज ऑस्ट्रेलिया दौरे के मल्टी-फॉर्मेट शेड्यूल का हिस्सा है।

ऑस्ट्रेलिया दौरे पर दिखेगा जलवा

प्रतिका रावल को 26 अक्टूबर 2025 को ICC वूमेन्स वर्ल्ड कप 2026 में बांग्लादेश के खिलाफ मैच के दौरान फील्डिंग करते हुए टखने में चोट लगी थी। इसके बाद वह बेंगलुरु स्थित BCCI सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में पुनर्वास प्रक्रिया से गुजरीं। अब मेडिकल टेस्ट के बाद उन्हें पूरी तरह फिट घोषित कर दिया गया है। प्रतिका की वापसी से भारतीय टीम को टॉप ऑर्डर में मजबूती मिलेगी। ऑस्ट्रेलिया जैसी मजबूत टीम के खिलाफ यह सीरीज बेहद अहम मानी जा रही है।

गौरतलब है कि प्रतिका रावल ने दिसंबर 2024 में इंटरनेशनल डेब्यू किया था। तब से लेकर अब तक उन्होंने बल्ले से कमाल का प्रदर्शन किया है। 24 ODI मैचों की 23 पारियों में प्रतिका 50 से ज्यादा के औसत से 1110 रन जड़ चुकी हैं, जिसमें 2 शतक और 7 अर्धशतक शामिल हैं। 

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ODI सीरीज के लिए भारत की अपडेटेड टीम इस प्रकार है: हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना (उपकप्तान), शेफाली वर्मा, रेणुका ठाकुर, श्री चरणी, वैष्णवी शर्मा, क्रांति गौड़, स्नेह राणा, दीप्ति शर्मा, ऋचा घोष (विकेटकीपर), उमा छेत्री (विकेटकीपर), काश्वी गौतम, अमनजोत कौर, जेमिमा रोड्रिग्स, हरलीन देओल और प्रतिका रावल।

यह भी पढ़ें:

इंग्लिश क्रिकेटर ने 29 साल की उम्र में रिटायरमेंट का किया ऐलान, क्रिकेट जगत हैरान

Latest Cricket News





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *