हरियाणवी सिंगर मासूम शर्मा के लाइव शो में मचा बवाल, बीच में ही बंद करना पड़ा प्रोग्राम


Masoom Sharma- India TV Hindi
Image Source : INSTAGRAM@MASOOMSHARMAOFFICIAL
मासूम शर्मा

जींद। हरियाणवी सिंगर मासूम शर्मा एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। जींद के सफीदो रोड स्थित दीप पैलेस में आयोजित एक निजी कार्यक्रम के दौरान उन्होंने मंच पर मौजूद पूर्व सरपंच और उनके समर्थकों को नीचे उतरने के लिए कह दिया। इस दौरान माहौल तनावपूर्ण हो गया और बाद में धक्का-मुक्की की नौबत तक आ गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

25वीं सालगिरह का था कार्यक्रम

यह कार्यक्रम 18 फरवरी की रात सिंगर की बहन कविता शर्मा और बहनोई धर्मवीर (धरमू) की शादी की 25वीं वर्षगांठ (सिल्वर जुबली) के अवसर पर आयोजित किया गया था। कार्यक्रम में परिवारजन, रिश्तेदार और गांव मुआना के कई लोग शामिल हुए थे। करीब 400 लोगों की मौजूदगी में रात लगभग साढ़े 11 बजे यह विवाद हुआ।

एमएलए-मंत्री को भी नहीं मानता

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मासूम शर्मा जब परफॉर्मेंस के लिए स्टेज पर पहुंचे तो वहां पहले से बैठे पूर्व सरपंच राजेंद्र शर्मा और कुछ युवाओं को देखकर नाराज हो गए। उन्होंने माइक पर कहा कि उनके गाने के बीच कोई सरपंच, एमएलए या मंत्री भी मंच पर नहीं रहेगा और सभी नीचे बैठकर कार्यक्रम देखें। सिंगर ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि ‘देखना है तो नीचे बैठकर देखो, नहीं तो जाओ।’ इसके बाद उन्होंने अपना गाना ‘बोल तेरे मीठे-मीठे बोल, बात तेरी साच्ची लागै सै’ शुरू कर दिया।

बढ़ा विवाद, शो बंद

मंच से उतरने को कहे जाने पर पूर्व सरपंच और उनके समर्थकों में नाराजगी दिखी। कुछ युवाओं और बाउंसरों के बीच कहासुनी और धक्का-मुक्की हो गई। स्थिति बिगड़ती देख कार्यक्रम को बीच में ही बंद करना पड़ा। बताया जा रहा है कि मासूम शर्मा केवल एक ही गाना गा पाए थे। कार्यक्रम में मासूम के आने से पहले अन्य कलाकार प्रस्तुति दे रहे थे। उस दौरान पूर्व सरपंच और कुछ युवा मंच पर ही बैठे हुए थे। मासूम के मंच पर पहुंचते ही उन्हें नीचे उतरने के लिए कहा गया, जिससे विवाद खड़ा हो गया।

फिलहाल इस मामले में किसी प्रकार की पुलिस शिकायत की सूचना नहीं है, लेकिन वीडियो वायरल होने के बाद यह घटना चर्चा का विषय बनी हुई है।

रिपोर्ट- राजकुमार गोयल

ये भी पढ़ें- दिग्गज फिल्म मेकर एमएम बेग के निधन से चौंकी इंडस्ट्री, घर से आने लगी थी शव की बदबू, पड़ोसियों की खबर के बाद हुआ खुलासा

रोहित शेट्टी के घर पर हुई फायरिंग मामले में नए खुलासे, बहन की शादी का कर्ज उतारने के लिए चलाई गोलियां

Latest Bollywood News





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *