थाने के पास तेज रफ्तार में आया ट्रक, बोलेरो को मारी जोरदार टक्कर, 5 पुलिसकर्मियों की मौके पर मौत, 3 घायल-VIDEO


बोलेरो और ट्रक की टक्कर- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT
बोलेरो और ट्रक की टक्कर

ओडिशा के झारसुगुड़ा जिले में रविवार तड़के भीषण सड़क हादसा हो गया। झारसुगुड़ा सदर थाने के पास तेज रफ्तार ट्रक और बोलेरो के बीच आमने-सामने की टक्कर हो गई। इस हादसे में 5 पुलिसकर्मियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 3 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। 

पूरी तरह चकनाचूर हुई बोलेरो

शुरुआती जानकारी के अनुसार, सामने से आ रहा ट्रक तेज रफ्तार में था और अचानक बोलेरो से उसकी सीधी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भयानक थी कि बोलेरो पूरी तरह चकनाचूर हो गई। गाड़ी का अगला हिस्सा बुरी तरह दब गया, जिससे अंदर बैठे जवानों को संभलने का मौका तक नहीं मिला।

मृतक पुलिसकर्मियों की हुई पहचान

हादसे में जिन पुलिसकर्मियों की मौत हुई है, उनकी पहचान एपीआर यानी आर्म्ड पुलिस रिजर्व के जवान काशीराम भोई, देवदत्त सा, ड्रिल सब-इंस्पेक्टर निरंजन कुजूर, एपीआर हवलदार लिंगराज धुरुआ और होम गार्ड भक्तबंधु मिर्धा के रूप में हुई है। सभी की मौके पर ही जान चली गई। 

घायल पुलिसकर्मियों की हालत नाजुक

5 पुलिसकर्मियों के निधन से परिवार, सहकर्मी और पूरे जिले में शोक की लहर है। अब तक यह साफ नहीं हो पाया है कि पुलिसकर्मी ड्यूटी पर थे या नहीं। इस हादसे में तीन अन्य जवान गंभीर रूप से घायल हुए हैं। उन्हें तुरंत रेस्क्यू कर झारसुगुड़ा जिला मुख्यालय अस्पताल पहुंचाया गया। जहां उनका इलाज चल रहा है। तीनों की हालत नाजुक बनी हुई है और डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज किया जा रहा है। 

ट्रक का ड्राइवर भी घायल

हादसे की खबर मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। इस पूरे मामले की अधिक जानकारी देते हुए अतिरिक्त एसपी मधुस्मिता मिश्रा ने कहा, ‘दुर्घटना में एक बोलेरो और ट्रक की भिड़ंत हुई है। बोलेरो में सवार 5 लोगों की मौत हो गई है। 2 लोगों की हालत गंभीर के कारण रेफर कर दिए गए हैं, जबकि 1 की हालत स्थिर है। बोलेरो में सवार सभी लोग झारसुगुड़ा पुलिस के कर्मचारी थे। घटना सुबह लगभग 4 बजे हुई। ट्रक का ड्राइवर भी घायल है। उसका भी इलाज किया जा रहा है। मामले को रजिस्टर कर जांच शुरू कर दी गई है।’

ओडिशा से शुभम कुमार की रिपोर्ट

Latest India News





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *