‘द केरल स्टोरी 2’ विवाद में प्रकाश राज की एंट्री, दिखाई बीफ और पोर्क से भरी थाली, फिल्म पर कसा तंज


Prakash Raj- India TV Hindi
Image Source : INSTAGRAM/@JOINPRAKASHRAJ/@ULKAGUPTA
प्रकाश राज ने ‘द केरल स्टोरी 2’ पर कसा तंज

कामाख्या नारायण सिंह के निर्देशन में बनी ‘द केरल स्टोरी 2’ का ट्रेलर जारी होने के बाद से ही इस फिल्म को लेकर विवाद छिड़ा हुआ है। खासतौर पर बीफ वाले सीन को लेकर मेकर्स को निशाना बनाया जा रहा है। ट्रेलर में दिखाया गया है कि एक मुस्लिम परिवार जबरन हिंदू लड़की को गोमांस खिलाता है। ट्रेलर जारी होने के बाद सोशल मीडिया पर यूजर मेकर्स को निशाने पर ले रहे हैं। हाल ही में बॉलीवुड डायरेक्टर और एक्टर अनुराग कश्यप ने भी फिल्म के ट्रेलर पर तंज कसा था और अब इस लिस्ट में प्रकाश राज का नाम भी शामिल हो गया है। दिग्गज अभिनेता ने सोशल मीडिया पर कुछ तस्वीरें शेयर करते हुए ‘द केरल स्टोरी 2’ के निर्माताओं को निशाने पर लिया है।

प्रकाश राज ने द केरल स्टोरी 2 के मेकर्स पर साधा निशाना

प्रकाश राज ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर एक पोर्क, बीफ और फिश की डिशेज की एक फोटो पोस्ट की, जिसके साथ उन्होंने कैप्शन में लिखा- ‘केरल की असली कहानी यह है कि सुअर का मांस, गोमांस और मछली शाकाहारी खाने के साथ सह-अस्तित्व में रहते हैं और सभी सद्भाव से रहते हैं। कृपया इसका आनंद लें। सभी को रविवार की शुभकामनाएं।’

अनुराग कश्यप ने भी की थी आलोचना

इससे पहले अनुराग कश्यप ने भी ‘द केरल स्टोरी 2’ की तीखे शब्दों में आलोचना की थी। उन्होंने फिल्म के ट्रेलर पर निशाना साधते हुए इसे एक बकवास फिल्म बताया था। उन्होंने अपने बयान में कहा- ‘द केरल स्टोरी पूरी तरह से बकवास फिल्म है। ये एक प्रोपेगेंडा फिल्म है। ऐसे कौन बीफ खिलाता है, ऐसे तो कोई खिचड़ी भी नहीं खिलाता। मुझे नहीं पता कि इस फिल्म के मेकर्स का क्या इरादा है। वह सिर्फ पैसे बनाना चाहते हैं, लोगों को बांटना चाहते हैं। फिल्ममेकर एक लालची इंसान है, वो सिर्फ पैसे बनाना चाहता है।’

केरल के मुख्यमंत्री ने भी की आलोचना

प्रकाश राज और अनुराग कश्यप से पहले केरल के मुख्यमंत्री पिनाराया विजयन ने भी द केरल स्टोरी 2 के ट्रेलर को लेकर नाराजगी जाहिर की थी। ट्रेलर जारी होने के दूसरे ही दिन विजयन ने एक ट्वीट किया, जिसमें उन्होंने इस फिल्म के ट्रेलर को लेकर मेकर्स को निशाने पर लिया था। उन्होंने लिखा- ‘ये एक नफरत फैलाने वाली फिल्म है, जिसके सीक्वल से जुड़ी खबर को गंभीरता से लेना चाहिए। पहले भाग में छिपी सांप्रदायिक साजिश और झूठ को भांपते हुए केरल एक बार फिर धर्मनिर्पेक्षता के ताने-बाने को बदनाम करने की कोशिश को सिरे से खारिज करेगा। ये बहुत ही चौंकाने वाला है। ये फिल्म सांप्रदायिक दंगे भड़काने के उद्देश्य से गढ़ी गई है। हमें एक जुट होकर अपनी सद्भावपूर्ण भूमि को आतंक का अड्डा साबित करने वाली इन कोशिशों का विरोध करना होगा। सत्य की जीत हमेशा होती है।’

कब रिलीज होगी फिल्म?

‘द केरल स्टोरी 2 – गोज बियॉन्ड’ 27 फरवरी को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। फिल्म का ट्रेलर 18 फरवरी को जारी किया गया था। कामाख्या नारायण सिंह के निर्देशन में बनी फिल्म के ट्रेलर में तीन हिंदू लड़कियों की कहानी देखने को मिलती है, जिनकी जिंदगी तब बदल जाती है जब उन्हें मुस्लिम लड़कों से प्यार हो जाता है। लड़कियों के सामने धीरे-धीरे इस प्यार के पीछे छिपा धर्म परिवर्तन का एक सोचा-समझा एजेंडा सामने आता है।

ये भी पढ़ेंः विवादों के बवंडर झेलकर भी हुई ब्लॉकबस्टर, 15 करोड़ बजट में छापे 300 करोड़, अब आ रहा फिल्म का सीक्वल

ओटीटी पर ट्रेंड कर रही 2 घंटे 26 मिनट की फिल्म, 2 हफ्ते से नेटफ्लिक्स पर डाल रखा है डेरा, बनी दर्शकों की फेवरेट

Latest Bollywood News





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *