
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और सिंगापुर के राष्ट्रपति थर्मन शनमुगरत्नम।
सिंगापुर: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को सिंगापुर के राष्ट्रपति थर्मन शनमुगरत्नम से मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने राष्ट्रपति से मुलाकात पर खुशी जताई और मजबूत साझेदारी के लिए हार्दिक आभार व्यक्त किया। राष्ट्रपति से मुलाकात के बात X पर एक पोस्ट में योगी ने कहा, ‘सिंगापुर के माननीय राष्ट्रपति महामहिम श्री थर्मन शनमुगरत्नम से मुलाकात का सौभाग्य प्राप्त हुआ। भारत के साथ सिंगापुर की मजबूत पार्टनरशिप के लिए हृदय से आभार व्यक्त किया। माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के दूरदर्शी नेतृत्व में, भारत-सिंगापुर के रिश्ते एक कॉम्प्रिहेंसिव स्ट्रेटेजिक पार्टनरशिप तक पहुंचे हैं, जिससे सहयोग के नए रास्ते खुले हैं।’
यूपी में निवेश की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा
योगी ने अपने ट्वीट में आगे लिखा कि राष्ट्रपति से इंफ्रास्ट्रक्चर, इनोवेशन, स्किल डेवलपमेंट और सस्टेनेबल ग्रोथ में उत्तर प्रदेश-सिंगापुर के बीच जुड़ाव को मज़बूत करने पर चर्चा हुई, जिससे लंबे समय की खुशहाली के लिए हमारा साझा कमिटमेंट और मज़बूत होगा। बता दें कि मंगलवार को इससे पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सिंगापुर के उपप्रधानमंत्री एवं व्यापार और उद्योग मंत्री गान किम योंग तथा गृह मंत्री के. शणमुगम से भी मुलाकात की थी। उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल की मौजूदगी में हुई इन बैठकों में उत्तर प्रदेश में निवेश की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई।
सिंगापुर के डिप्टी PM से कई मुद्दों पर हुई बात
राज्य सरकार का लक्ष्य सिंगापुर की विशेषज्ञता का उपयोग करते हुए उत्तर प्रदेश को एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाना है। इसमें शहरी नियोजन, आंतरिक सुरक्षा ढांचे और डिजिटल शासन पर खास जोर रहा। उपप्रधानमंत्री गान किम योंग के साथ बैठक में मुख्यमंत्री ने राज्य के विशाल भूमि बैंक और नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से मिलने वाली बेहतर कनेक्टिविटी पर प्रकाश डाला। दिल्ली एनसीआर में सिंगापुर की कंपनियों द्वारा औद्योगिक टाउनशिप बनाने की संभावनाओं पर भी बात हुई। गृह मंत्री के. शणमुगम से मुलाकात में उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था के आधुनिकीकरण, सिंगापुर के तकनीक-एकीकृत पुलिसिंग मॉडल और आपदा प्रबंधन प्रोटोकॉल पर विशेष चर्चा की गई।
‘यूपी में न कर्फ्यू है, न दंगा है, अब सब चंगा है’
सोमवार को सिंगापुर में भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि बीते 9 वर्षों में प्रदेश की अर्थव्यवस्था 3 गुना बढ़ गई है और कानून-व्यवस्था मजबूत हुई है। उन्होंने नए भारत और नए उत्तर प्रदेश की आत्मविश्वास भरी तस्वीर पेश की। योगी आदित्यनाथ ने कहा, ‘जो उत्तर प्रदेश कभी दंगों और कर्फ्यू के लिए जाना जाता था, आज वही विकास, निवेश, आस्था, औद्योगिक प्रगति और वैश्विक विश्वास का केंद्र बन चुका है। अब वह दंगों वाला यूपी नहीं है। अब उत्तर प्रदेश में न कर्फ्यू है, न दंगा, अब सब चंगा है।’
