अनिल अंबानी पर ED की बड़ी कार्रवाई! मुंबई स्थित 3716 करोड़ का आलीशान 17 मंजिला घर किया जब्त


अनिल अंबानी का घर जब्त- India TV Paisa

Photo:ANI अनिल अंबानी का घर जब्त

रिलायंस ग्रुप के चेयरमैन अनिल अंबानी के लिए मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बुधवार को एक बेहद चौंकाने वाली कार्रवाई करते हुए अंबानी के मुंबई स्थित आलीशान घर ‘अबोड’ को कुर्क कर लिया है। मनी लॉन्ड्रिंग के खिलाफ चल रही इस बड़ी जांच के तहत अब अंबानी का यह सपनों का महल कानूनी शिकंजे में आ गया है।

3,716 करोड़ का अबोड

अनिल अंबानी का यह बंगला मुंबई के सबसे पॉश इलाके पाली हिल में स्थित है और इसकी गिनती भारत के सबसे महंगे घरों में होती है। यह इमारत 66 मीटर ऊंची है और इसमें कुल 17 मंजिलें हैं। सरकारी सूत्रों के अनुसार, कुर्क की गई इस संपत्ति की कुल वैल्यू 3716.83 करोड़ रुपये आंकी गई है। यह बंगला मुंबई के हाई-प्रोफाइल पाली हिल क्षेत्र में अपनी भव्यता के लिए जाना जाता है।

क्या है पूरा मामला?

यह पूरी कार्रवाई रिलायंस कम्युनिकेशंस (RCOM) द्वारा किए गए कथित बैंक धोखाधड़ी मामले से जुड़ी हुई है। ईडी ने प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (PMLA) के तहत एक अस्थायी आदेश जारी कर इस मल्टी-स्टोरी बिल्डिंग को अटैच किया है। एजेंसी का आरोप है कि कंपनी के जरिए बैंकों के साथ धोखाधड़ी की गई और उस पैसे का इस्तेमाल मनी लॉन्ड्रिंग के लिए हुआ। इस ताजा आदेश के बाद, इस मामले में अब तक कुर्क की गई कुल संपत्तियों की कीमत लगभग ₹15,700 करोड़ तक पहुंच गई है।

दूसरे दौर की पूछताछ का सामना करेंगे अंबानी

अनिल अंबानी (66 वर्ष) को जल्द ही संघीय जांच एजेंसी के सामने पेश होना पड़ सकता है। इससे पहले अगस्त 2025 में भी अनिल अंबानी ईडी के सामने पेश हुए थे। उस समय PMLA के तहत उनका विस्तृत बयान दर्ज किया गया था। अब जांच के दूसरे दौर में उनसे इस बैंक धोखाधड़ी और संपत्ति से जुड़े कड़े सवाल पूछे जाने की उम्मीद है।

रिलायंस ग्रुप और वित्तीय संकट

अनिल अंबानी की कंपनी रिलायंस कम्युनिकेशंस लंबे समय से कर्ज के संकट और अदालती कार्रवाइयों का सामना कर रही है। एक समय दुनिया के सबसे अमीर व्यक्तियों में शामिल रहे अनिल अंबानी के लिए अपने घर की कुर्की एक बड़ा व्यक्तिगत और व्यावसायिक झटका माना जा रहा है।

Latest Business News





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *