
रिंकू सिंह
भारतीय क्रिकेट टीम अभी टी20 वर्ल्ड कप 2026 में खेल रही है, जिसमें उन्होंने 26 फरवरी को सुपर-8 में जिम्बाब्वे के खिलाफ खेले गए मुकाबले में शानदार एकतरफा जीत दर्ज की। वहीं इस मैच के बाद टीम इंडिया की स्क्वाड का हिस्सा रिंकू सिंह के लिए एक बेहद दुखद खबर सामने आई। रिंकू सिंह के पिता पिछले काफी समय से बीमार चल रहे थे, जिसमें ग्रेटर नोएडा के एक अस्पताल में उनका निधन हो गया। ऐसे में रिंकू सिंह सीधे चेन्नई से अपने घर अलीगढ़ के लिए रवाना हो गए। वहीं इस दुखद खबर के सामने आने के बाद विराट कोहली सहित क्रिकेट जगत के कई खिलाड़ियों ने रिंकू और उनके परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त की हैं।
इस कठिन समय में मेरी प्रार्थनाएं और संवेदनाएं आपके साथ
रिंकू सिंह के पिता के निधन की खबर सामने आने के बाद टीम इंडिया के पूर्व कप्तान विराट कोहली ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए लिखा कि रिंकू के पिता के निधन की खबर सुनकर गहरा दुख हुआ। इस कठिन समय में मेरी प्रार्थनाएं और संवेदनाएं आपके और आपके परिवार के साथ हैं। ईश्वर आपको उनके शाश्वत आशीर्वाद में शक्ति प्रदान करें। ओम शांति। बता दें कि रिंकू सिंह जिम्बाब्वे के खिलाफ मुकाबला होने से पहले अपने पिता को देखने के लिए वापस घर लौटे थे, जिसमें वह मैच होने के ठीक एक दिन पहले स्क्वाड के साथ वापस जुड़े थे।
युवराज सिंह और शिखर धवन ने भी व्यक्त किया दुख
विराट कोहली के अलावा टीम इंडिया के पूर्व दिग्गज खिलाड़ी युवराज सिंह ने भी रिंकू सिंह के पिता के निधन की खबर सामने आने के बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए जहां अपने दुख को व्यक्त किया तो वहीं उन्होंने लिखा कि रिंकू के पिता के गुजर जाने की खबर सुनकर दिल टूट गया। ऐसे पलों में, कोई भी शब्द काफी नहीं लगते। इस मुश्किल समय में हम आपके और आपके परिवार के साथ हैं। उम्मीद है कि आपको अपने आस-पास के प्यार में ताकत और हिम्मत मिलेगी। युवराज सिंह के अलावा शिखर धवन, उमेश यादव और युजवेंद्र चहल ने भी सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए दुख व्यक्त किया।
ये भी पढ़ें
टीम इंडिया की हार पर कप्तान ने खराब बल्लेबाजी पर मढ़ा दोष, कहा – हम लगातार दोहरा रहे हैं गलतियां
ICC T20 WC 2026: कब और कहां खेले जाएंगे टी20 विश्व कप 2026 के सेमीफाइनल, नोट कर लीजिए पूरी जानकारी
