आकिब नबी जिनके दम पर जम्मू-कश्मीर ने जीती पहली बार रणजी ट्रॉफी, IPL 2026 के सीजन में इस टीम से दिखेंगे खेलते हुए


Auqib Nabi- India TV Hindi
Image Source : PTI
आकिब नबी

पारस डोगरा की कप्तानी में रणजी ट्रॉफी 2025-26 का सीजन खेलने वाली जम्मू-कश्मीर की टीम पहली बार इस खिताब को अपने नाम करने में कामयाब रही। टूर्नामेंट के इतिहास में अभी तक मुंबई, कर्नाटक और विदर्भ जैसी टीमों का अधिकतर सीजन में दबदबा देखने को मिला है, लेकिन जम्मू-कश्मीर ने इस सीजन में सभी के अनुमानों को गलत साबित करते हुए फाइनल मुकाबले में कर्नाटक की टीम को पहली पारी में बढ़त के आधार पर मात दी। जम्मू-कश्मीर की इस ऐतिहासिक जीत में उनकी तरफ से कई उभरते हुए खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला, लेकिन इसमें सबसे ज्यादा अगर किसी ने चर्चा बटोरी तो वह 29 साल के तेज गेंदबाज आकिब नबी हैं जिन्होंने अपनी बॉलिंग से सभी को काफी प्रभावित किया। ऐसे में अब आकिब नबी आगामी इंडियन प्रीमियर लीग के सीजन में भी सबसे ज्यादा नजरों में रहने वाले हैं।

आकिब नबी आईपीएल 2026 में दिल्ली कैपिटल्स का हैं हिस्सा

रणजी ट्रॉफी 2025-2026 सीजन में जम्मू-कश्मीर के तेज गेंदबाज आकिब नबी ने 10 मैचों में खेलते हुए 60 विकेट हासिल किए, इसी के साथ वह टूर्नामेंट के इतिहास में सिर्फ तीसरे ऐसे तेज गेंदबाज बन गए जो एक सीजन में 60 या उससे अधिक विकेट लेने में कामयाब हो सके हैं। आकिब नबी का रणजी ट्ऱॉफी के पिछले सीजन भी शानदार प्रदर्शन देखने को मिला था, जब वह 44 विकेट लेने के साथ दूसरे नंबर पर रहे थे, लेकिन इस बार वह पहले स्थान पर खत्म करने में कामयाब रहे। यानी कि आकिब नबी लगातार 2 रणजी सीजन में 100 से अधिक विकेट हासिल करने में कामयाब रहे। वहीं ऐसे में आकिब नबी के प्रदर्शन पर आईपीएल 2026 सीजन में भी सभी की नजरें रहने वाली हैं। आकिब आगामी आईपीएल सीजन में दिल्ली कैपिटल्स की स्क्वाड का हिस्सा हैं, जिसमें उनको फ्रेंचाइजी ने पिछले साल के आखिर में हुए मिनी ऑक्शन में 8 करोड़ 40 लाख रुपये में अपना हिस्सा बनाया था।

अब तक ऐसा रहा है आकिब नबी का प्रदर्शन

आकिब नबी के अभी तक के करियर को देखा जाए तो फर्स्ट क्लास क्रिकेट में उन्होंने कुल 41 मैच खेले हैं, जिसमें 67 पारियों में गेंदबाजी करते हुए 18.37 के औसत से कुल 156 विकेट हासिल किए हैं। इस दौरान आकिब नबी ने कुल 16 बार एक पारी में पांच विकेट हॉल लेने का कारनामा किया है। टी20 क्रिकेट में आकिब नबी के प्रदर्शन को लेकर बात की जाए तो उसमें उन्होंने 34 मैचों में खेलते हुए 21.81 के औसत से कुल 43 विकेट हासिल किए हैं।

ये भी पढ़ें

रणजी फाइनल में दिखा अनोखा नजारा, 10 साल बाद स्टार भारतीय बल्लेबाज ने थामी गेंद

J&K के खिलाड़ी को मिला प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का अवॉर्ड, 92 साल के इतिहास में ऐसा करने वाला बना सिर्फ तीसरा गेंदबाज

Latest Cricket News





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *