
पाकिस्तान के पीएम शहबाज शरीफ
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ की ईरान पर हुए हमले पर पहली प्रतिक्रिया सामने आई है। उन्होंने ईरान के सुप्रीम लीडर खामेनेई के मारे जाने पर दुख जताया है। सोशल मीडिया के एक्स प्लेटफॉर्म पर शहबाज ने लिखा, ‘पाकिस्तान की सरकार और लोग दुख की इस घड़ी में ईरान के लोगों के साथ हैं। अयातुल्ला सैय्यद अली खामेनेई की शहादत पर अपनी गहरी संवेदनाएं जताते हैं।’
पाक पीएम ने इस बात को लेकर जताई चिंता
इसके साथ ही उन्होंने कहा, ‘पाकिस्तान इंटरनेशनल कानून के नियमों के उल्लंघन पर भी चिंता जताता है। यह एक पुरानी परंपरा है कि देश/सरकार के प्रमुखों को निशाना नहीं बनाया जाना चाहिए। हम दिवंगत आत्मा के लिए प्रार्थना करते हैं। अल्लाह तआला ईरानी लोगों को इस कभी न भरने वाले नुकसान को सहने की सब्र और ताकत दे।’
खामेनेई की मौत के बाद पाकिस्तान में प्रदर्शन
खामेनेई की मौत के खबर के बाद पाकिस्तान में कई जगह प्रदर्शन भी देखे गए। कुछ पाकिस्तानी लोगों ने कराची के अमेरिकी कान्सुलेट को फूंकने की कोशिश की थी। इस घटना में गोलीबारी भी हुई, जिसमें 22 पाकिस्तानियों की जान चली गई।
अमेरिका और इजरायल हमले में मारे गए खामेनेई
ईरान के सुप्रीम लीडर आयतुल्लाह अली खामेनेई की मौत हो गई है। 86 वर्षीय खामेनेई की मौत अमेरिका और इजरायल के संयुक्त हवाई हमलों में हुई, जो शनिवार को तेहरान और ईरान के अन्य हिस्सों पर किए गए बड़े पैमाने पर हमलों का हिस्सा थे।
ईरान में जगह-जगह शोक प्रदर्शन
ईरान ने खामेनेई की मौत पर 40 दिनों का राष्ट्रीय शोक घोषित कर दिया है। राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान ने इसे एक बड़ा अपराध बताते हुए बदले की कसम खाई है। तेहरान की सड़कों पर काले लिबास में लोग सिर पीटते नजर आए, जबकि कुछ इलाकों में विरोध प्रदर्शन और अमेरिका-इजरायल के खिलाफ नारेबाजी हुई।
