8 साल पुरानी फ्लॉप कल्ट, जिसके हीरो बनने से चूके नवाजुद्दीन सिद्दीकी, री-रिलीज ने बनाया सुपरहिट, अब सीक्वल में बनेंगे खूंखार खलनायक


tumbbad 2- India TV Hindi
Image Source : NAWAZUDDIN INSTAGRAM, STILL FROM FILM
नवाजुद्दीन सिद्दीकी और सोहम शाह।

8 साल पहले यानी साल 2018 में एक फिल्म रिलीज हुई थी, जिसे बनाने में 10 साल का समय लगा था। इस फिल्म को बनाने की तैयारियां 21 साल से हो रही थी। फिल्म में बतौर लीड नवाजुद्दीन सिद्दीकी को कास्ट किया गया था, लेकिन ये फिल्म कई सालों तक लटकी रही। फिल्म के प्रोड्यूसर ने इससे किनारा कर लिया। नवाज इसकी काफी शूटिंग कर चुके थे, लेकिन फिल्म ठप पड़ने के बाद वो भी अलग राह चल पड़े। लंबे संघर्ष के बाद ये फिल्म रिलीज हुई और फिल्म के नए निर्माता ही बतौर हीरो नजर आए, जो कोई बड़े स्टार नहीं थे, ये पर्दे पर बड़ी फ्लॉप साबित हुई, लेकिन ओटीटी की दुनिया ने इसे कल्ट का दर्जा दिया। री-रिलीज के दौर में जब इसे दोबारा बड़े पर्दे पर उतारा गया तो फिल्म सुपरहिट साबित हुई। अब इसका सीक्वल आ रहा है। गौर करने वाली बात ये है कि जिस फिल्म के लिए कभी बतौर हीरो नवाजुद्दीन सिद्दीकी को चुना गया था, अब सीक्वल में एक्टर विलेन के रोल में नजर आएंगे।

नवाजुद्दीन सिद्दीकी की ‘इम्मर्सिव यूनिवर्स’ में एंट्री

हम जिस फिल्म की बात कर रहे हैं वो भारतीय सिनेमा की सबसे चर्चित कल्ट क्लासिक फिल्म ‘तुम्बाड’ है। अब इसके फैंस के लिए एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है। फिल्म के निर्माता और मुख्य अभिनेता सोहम शाह ने इसके मच-अवेटेड सीक्वल ‘तुम्बाड 2’ को लेकर एक ऐसा अपडेट साझा किया है, जिसने सोशल मीडिया पर हलचल मचा दी है। इस बार लालच और सस्पेंस की इस अनोखी दुनिया में एक ऐसे दिग्गज कलाकार की एंट्री हुई है, जो अपनी रोंगटे खड़े कर देने वाली अदाकारी के लिए जाने जाते हैं। सोहम शाह ने इंस्टाग्राम पर एक खास पोस्ट के जरिए जानकारी दी है कि वर्सेटाइल एक्टर नवाजुद्दीन सिद्दीकी अब ‘तुम्बाड 2’ का हिस्सा बन चुके हैं। सोहम ने नवाज के साथ अपनी एक तस्वीर साझा करते हुए उन्हें हमारे समय के सबसे बेहतरीन अभिनेताओं में से एक बताया। माना जा रहा है कि नवाजुद्दीन इस फिल्म में एक ऐसा ‘लेयर्ड’ और ‘अनप्रेडिक्टेबल’ किरदार निभाएंगे, जो कहानी के मनोवैज्ञानिक और भावनात्मक माहौल को एक नए स्तर पर ले जाएगा। नवाज की जुड़ाव की खबर मिलते ही प्रशंसकों ने ‘गैंग्स ऑफ वासेपुर’ के अंदाज में मजेदार कमेंट्स करने शुरू कर दिए हैं, जिसमें एक यूजर ने लिखा, ‘बाप का, विनायक दादा का… सबका बदला लेगा रे तेरा पांडुरंग!’

यहां देखें पोस्ट

प्रोजेक्ट को लेकर नवाजुद्दीन सिद्दीकी का उत्साह

इस फ्रैंचाइजी से जुड़ने पर नवाजुद्दीन सिद्दीकी ने अपनी खुशी जाहिर करते हुए कहा कि वे हमेशा से ‘तुम्बाड’ की मौलिकता और इसके माहौल बनाने वाली कहानी के मुरीद रहे हैं। उन्होंने बताया कि जब सोहम शाह ने उन्हें सीक्वल का विजन और उनके किरदार की परतें समझाईं, तो वे तुरंत इस सफर का हिस्सा बनने के लिए तैयार हो गए। नवाज के अनुसार, इतनी जुनूनी टीम के साथ इस रहस्यमयी दुनिया को एक्सप्लोर करना उनके लिए काफी रोमांचक होने वाला है। उनके आने से फिल्म के ‘साइकोलॉजिकल ड्रामा’ वाले पहलू को और मजबूती मिलने की उम्मीद है।

प्रोडक्शन और पेन स्टूडियोज की साझेदारी

‘तुम्बाड 2’ का निर्माण सोहम शाह फिल्म्स के बैनर तले हो रहा है, जिसमें इस बार पेन स्टूडियोज की एक बड़ी साझेदारी शामिल है। दिग्गज प्रोड्यूसर डॉ. जयंतीलाल गड़ा के नेतृत्व वाले पेन स्टूडियोज ने ‘RRR’, ‘गंगूबाई काठियावाड़ी’ और हाल ही में ‘स्त्री 2’ व ‘छावा’ जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्मों के साथ ग्लोबल डिस्ट्रीब्यूशन और प्रेजेंटेशन में अपनी धाक जमाई है। इतने अनुभवी स्टूडियो के साथ जुड़ने से ‘तुम्बाड 2’ का स्केल और इसकी पहुंच पहले से कहीं अधिक बड़ी होने वाली हैसोहम शाह ने कन्फर्म किया है कि फिल्म की स्क्रिप्ट पर काम पूरा हो चुका है और इसकी शूटिंग जल्द ही शुरू की जाएगी। सोहम का मानना है कि नवाज जैसे कलाकार की मौजूदगी कहानी की गहराई को बढ़ा देगी। फिलहाल यह रहस्य बना हुआ है कि क्या नवाजुद्दीन ‘हस्तर’ से जुड़ा कोई किरदार निभाएंगे या फिर वे विनायक राव के वंशजों के सामने एक नई चुनौती बनकर उभरेंगे। बहरहाल, ‘तुम्बाड 2’ अब भारतीय सिनेमा की सबसे प्रतीक्षित फिल्मों की सूची में शीर्ष पर पहुँच गई है।

ये भी पढ़ें:  ‘पापा कुछ होगा तो बेड के नीचे छिप जाऊंगी’, इरान-इजरायल टेंशन के बीच छलका एक्टर का दर्द, फंसी हैं बीवी और बेटी

रश्मिका को साथ लिए गांव पहुंचे विजय देवरकोंडा, तिरुमाला की पहाड़ियों में की पूजा, वीडियो में दिखी गजब केमिस्ट्री

Latest Bollywood News





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *