
स्टीविया की चाय
चाय की मिठास सेहत को नुकसान पहुंचाती है, लेकिन फीकी चाय में भारतीयों को कोई स्वाद नहीं आता है। चाय से शरीर में हर रोज 2-3 चम्मच से ज्यादा चीनी पहुंच जाती है, जो सेहत के लिए ठीक नहीं है। अगर आप भी बिना चीनी के चाय को मीठा करने से उपाय खोज रहे हैं तो इसके लिए स्टीविया बेस्ट है। ये प्लांट बेस्ड स्वीटनर है जिसका कोई नुकसान नहीं है। डायबिटीज में भी स्टीविया का इस्तेमाल किया जा सकता है। अगर आपको मीठी चाय पीने का शौक है तो स्टीविया की चाय बनाकर पी सकते हैं। आप स्टीविया की ताजा पत्तियों से चाय बना सकते हैं या फिर बाजार में मिलने वाले स्टीविया के पाउडर और पत्तों का इस्तेमाल कर चाय बना सकते हैं?
स्टीविया की चाय कैसे बनाएं? (How To Make Stevia Tea)
स्टीविया के पत्तों की चाय- इसके लिए पैन में पानी गर्म करें और उसमें चाय की पत्ती डाल दें। अब चाय में उबाल आने पर अदरक या इलायची डालें और उसमें स्टीविया के पत्ते डाल दें। ताजा पत्ते हों तो उन्हें चाय की पत्ती के साथ ही डाल दें, जिससे चाय में मिठास अच्छी तरह से आ जाए। अगर सूखे स्टीविया के पत्तों का इस्तेमाल कर रहे हैं तो उन्हें अदरक के बाद डालकर उबाल लें। अब चाय में दूध डालें और उसे 2-3 उबाल के बाद छान लें। तैयार है बिना चीनी के स्टीविया वाली मीठी चाय।
स्टीविया पाउडर से चाय- दूसरा तरीका है कि आप नॉर्मल चाय की तरह पानी, चाय की पत्ती और अदरक डालकर उबाल लें। अब चाय में दूध डालकर 1-2 उबाल आने दें। आखिर में मार्केट से खरीदे गए स्टीविया के पाउच या गोलियां चाय में डालकर मिक्स करें। तैयार है आपकी शुगर फ्री चाय, जो नेचुरल स्वीटनर से बनकर तैयार की गई है।
स्टीविया के फायदे (Stevia Benefits In Hindi)
इन दिनों स्टेविया जैसे नेचुरल स्वीटनर का क्रेज लोगों में काफी बढ़ रहा है। ये प्लांट बेस्ड हैं और खाने के बाद इनका टेस्ट कड़वा भी नहीं लगता है। इसमें कैलोरीज नहीं होती हैं। इससे शुगर स्पाइक नहीं होता है। स्टेविया को तो गरम करने पर भी इसका स्वाद वैसा ही रहता है। इसलिए लोग इसे कुकिंग में इस्तेमाल करने लगे हैं। ये शुगर के अच्छे सब्सीट्यूट हो सकते हैं।
डायबिटीज में फायदा- स्टीविया खाने से ब्लड शुगर का स्तर नहीं बढ़ता है, इसलिए इसे डायबिटीज रोगियों के लिए सुरक्षित और इंसुलिन संवेदनशीलता में सुधार करने वाला माना गया है।
वजन कंट्रोल करे- स्टीविया में जीरो कैलोरी होती है, यह चीनी की जगह उपयोग करने पर वजन कम करने और कैलोरी कम करने में मदद करता है।
दांतों के लिए सेफ- स्टीविया का सेवन करने से मुंह के बैक्टीरिया के संपर्क में आने पर किण्वन नहीं करता, जिससे दांतों में कैविटी या सड़न नहीं होती है।
ब्लड प्रेशर लो करे- स्टीविया में स्टिवियोसाइड (Stevioside) नामक यौगिक होते हैं, जो रक्त वाहिकाओं को आराम देकर ब्लड प्रेशर को नॉर्मल करने में मदद कर सकते हैं।
नेचुरल एंटीऑक्सीडेंट- स्टीविया में एंटीबैक्टीरियल गुण होते हैं, इसमें सूजनरोधी और एंटीऑक्सीडेंट गुण भी पाए जाते हैं जो हार्ट हेल्थ को बेहतर बनाता है।
