
ईरान पर इजरायल-US के हमले जारी।
Israel US Iran War Update LIVE: इजरायल और अमेरिका लगातार ईरान पर हमला कर रहे हैं। आज युद्ध का आठवां दिन है और अभी भी युद्ध की समाप्ति के कोई आसार नहीं दिख रहे हैं। एक तरफ जहां अमेरिका और इजरायल लगातार ईरान पर हमले कर रहे हैं तो वहीं दूसरी तरफ ईरान भी जवाबी कार्रवाई में अन्य खाड़ी देशों में स्थित अमेरिकी बेसों पर हमला कर रहा है। शुक्रवार को इज़रायल ने वेस्ट ईरान के 400 से ज्यादा ठिकानों पर हमला किया। इनमें बैलिस्टिक मिसाइल लॉन्चर, अनमैंड व्हीकल स्टोरेज शामिल हैं।
IDF ने हारोद इलाके में ईरानी डिफेंस सिस्टम ले जा रहे एक ट्रक को निशाना बनाया। इजरायल की तरफ से कहा गया है कि IDF ने बड़े पैमाने पर अभियान चलाते हुए सैकड़ों फाइटर जेट और भारी मात्रा में हथियारों का इस्तेमाल किया है। US-इजरायल हमलों में ईरान में अब तक 1332 की मौत हो चुकी है, जबकि हजारों लोग घायल है। 28 फरवरी से अब तक ईरान पर करीब 1300 से ज्यादा हमले हो चुके हैं। इजरायल का दावा है कि ईरान में 300 मिसाइल लॉन्चर तबाह हो चुके हैं। हमलों की वजह से ईरान में कई जगह पानी-बिजली की सप्लाई ठप है।
वहीं ईरान के पूर्व सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत के बाद भी उनके आधिकारिक X अकाउंट @khamenei_ir से पोस्ट आने जारी हैं। हाल ही में अयातुल्ला अली खामेनेई के एक्स अकाउंट से एक पोस्ट की गई है। इस पोस्ट में कहा गया है कि इजरायल ने बहुत बड़ी गलती की है और उसे नतीजे भुगतने होंगे। खामेनेई की पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। खामेनेई की मौत के बाद, उनके अकाउंट बायो को अपडेट करके “इस्लामिक क्रांति के शहीद नेता” कर दिया गया है।
