VIDEO: प्रधानी के चुनाव से पहले ही भिड़े भावी उम्मीदवारों के 2 पक्ष, पुलिस के सामने ही हुई ‘गुत्थम-गुत्था’


ghaziabad fight- India TV Hindi
Image Source : REPORTERS INPUT
गाजियाबाद में हुई मारपीट का वीडियो वायरल हो रहा है।

Ghaziabad Fight Video: दिल्ली से सटे गाजियाबाद में भोजपुर थाना क्षेत्र के गांव नाहली में आगामी पंचायत चुनाव की तैयारियों के बीच 2 संभावित प्रत्याशियों के समर्थकों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। इस दौरान जमकर लाठी-डंडे चले और पथराव हुआ। घटना में कई लोग घायल हुए हैं।

भावी प्रधान उम्मीदवारों के बीच ‘जंग’

जानकारी के अनुसार, भोजपुर के गांव नाहली निवासी अहसान और आकिल आगामी पंचायत चुनाव में ग्राम प्रधान पद के लिए दावेदारी की तैयारी कर रहे हैं। शुक्रवार दोपहर दोनों पक्षों के समर्थकों के बीच चुनावी चर्चा को लेकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते दोनों पक्षों के लोग लाठी-डंडे लेकर आमने-सामने आ गए और जमकर पथराव शुरू हो गया। करीब 20 मिनट तक गांव में संघर्ष की स्थिति बनी रही।

पुलिस के सामने ही कर दिया पथराव

इस घटना में 3 लोग घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन उपद्रवी पुलिस के सामने भी पथराव करते रहे। बाद में पुलिस ने किसी तरह स्थिति को काबू में किया।

एक-दूसरे पर चलाए लाठी-डंडे

वीडियो में दिख रहा है कि 1 दर्जन से ज्यादा लोग एक-दूसरे से भिड़े हुए हैं। इस दौरान, कुछ लोग लाठी-डंडे चलाते हुए भी नजर आए। इस दौरान, पुलिस भी मौके पर मौजूद थी। विवाद करने वालों ने इसका लिहाज भी नहीं किया। पुलिसकर्मी इस दौरान, घटना का वीडियो बनाते नजर आए।

पुलिस ने 6 लोगों को हिरासत में लिया

एसीपी मोदीनगर भास्कर वर्मा ने बताया कि दोनों पक्षों के 6 लोगों को हिरासत में लिया गया है। फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं दी गई है। घटना से जुड़ा वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है जिसका संज्ञान लेकर  पुलिस मामले की जांच कर रही है।

(इनपुट- जुबेर अख्तर)

ये भी पढ़ें- कुत्ते के पेशाब करने पर हुई मारपीट, व्यायाम कर रहे वरिष्ठ नागरिकों ने शख्स को पीटा; सामने आया VIDEO





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *