उज्जैन: T20 वर्ल्ड कप के फाइनल में INDIA की जीत के लिए बगलामुखी माता मंदिर में हुआ मिर्ची यज्ञ, सांसद भी हुए शामिल


Baglamukhi Mata Temple- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT
बगलामुखी माता मंदिर में हुआ मिर्ची यज्ञ

उज्जैन: भारत में क्रिकेट केवल एक खेल नहीं बल्कि भावना है। इसी को ध्यान में रखते हुए मध्य प्रदेश के उज्जैन में भारतीय क्रिकेट टीम की जीत के लिए यज्ञ का आयोजन किया गया है। इस यज्ञ में सांसद भी शामिल हुए हैं। गौरतलब है कि आज शाम को T20 वर्ल्ड कप का फाइनल होगा, जिसमें भारतीय क्रिकेट टीम, न्यूजीलैंड से भिड़ेगी।

भारतीय टीम की विजय के लिए यज्ञ

T20 वर्ल्ड कप का आज शाम को फाइनल मैच होना है। ऐसे में भारतीय क्रिकेट टीम की जीत के लिए देशभर में पूजा-पाठ एवं प्रार्थना की जा रही है। इसी प्रकार का नजारा धर्म नगरी उज्जैन में भी देखने को मिला। यहां भैरवगढ़ रोड स्थित बगलामुखी माता मंदिर में विशेष अनुष्ठान व यज्ञ किया गया। इस यज्ञ में मंदिर के महंत रामदास जी महाराज के साथ भाजपा सांसद अनिल फिरोजिया और 51 बटुक शामिल हुए। यज्ञ में मिर्ची के अलावा सरसों, हल्दी सहित जड़ी बूटियों की आहुति दी गई।

यज्ञ में शामिल भाजपा सांसद ने कहा कि  भैरवगढ़ रोड स्थित बगलामुखी माता मंदिर के दरबार में रामदास जी महाराज के सानिध्य में यज्ञ किया है। माता से प्रार्थना की है कि भारतीय टीम के खिलाड़ियों को शक्ति और बुद्धि प्रदान करें विरोधियों का मनोबल कम करें। भारतीय टीम विजयी हो और विश्व कप भारत के पास आए। विश्व में भारत का मान-सम्मान बढ़े। माता का आशीर्वाद भारतीय टीम को मिलेगा और न्यूजीलैंड की टीम परास्त होगी।

वहीं महंत रामदास महाराज ने कहा कि भारतीय टीम की जीत के लिए माता बगलामुखी के दरबार में अनुष्ठान कराया गया। इस अनुष्ठान में सांसद के साथ 51 बटुक शामिल हुए। लाल मिर्च, हल्दी और पीली सरसों की यज्ञ में आहुति दी गई । यहां किया गया यज्ञ निश्चित सफलता प्रदान कराता है।

बता दें कि ICC T20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में भारत और न्यूजीलैंड के बीच कड़ी टक्कर होगी। अगर टीम इंडिया इस मैच को जीतती है तो वह अपने घर में T20 वर्ल्ड कप का खिताब जीतने वाली पहली टीम बन सकती है। यहां ये जानना भी रोचक है कि T20 वर्ल्ड कप में अब तक भारत और न्यूजीलैंड तीन बार आमने-सामने आए हैं और इन तीनों ही मैचों में न्यूजीलैंड टीम ने जीत हासिल की है। (इनपुट: प्रेम डोडिया)

 





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *