क्रूड ऑयल में कोहराम, आज कीमत 110 डॉलर प्रति बैरल के पार, डोनाल्ड ट्रंप ने जानें क्या कहा


मध्य पूर्व के प्रमुख तेल उत्पादक देशों ने उत्पादन में कटौती शुरू कर दी है। - India TV Paisa

Photo:FREEPIK मध्य पूर्व के प्रमुख तेल उत्पादक देशों ने उत्पादन में कटौती शुरू कर दी है।

पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और ईरान युद्ध ने क्रूड ऑयल में उबाल को और तेज कर दिया है। इस वजह से 9 मार्च को  कच्चे तेल की कीमतों में जोरदार उछाल देखा गया है। सोमवार को बाजार खुलते ही कच्चे तेल की कीमतें करीब 22 प्रतिशत तक बढ़कर 110 डॉलर प्रति बैरल से ऊपर पहुंच गईं। इससे पहले पिछले सप्ताह भी कीमतों में रिकॉर्ड 36 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई थी। tradingeconomics के मुताबिक,यह उछाल इसलिए देखने को मिला क्योंकि मध्य पूर्व के प्रमुख तेल उत्पादक देशों ने उत्पादन में कटौती शुरू कर दी है। दरअसल, ईरान युद्ध के कारण दुनिया के सबसे अहम तेल मार्गों में से एक होरमुज़ जलडमरूमध्य बंद बना हुआ है, जिससे वैश्विक आपूर्ति प्रभावित हो रही है।

कुवैत ने कटौती की घोषणा की

कुवैत, जो ओपेक का पांचवां सबसे बड़ा तेल उत्पादक देश है, ने एहतियाती कदम उठाते हुए कच्चे तेल के उत्पादन और रिफाइनरी आउटपुट में कटौती की घोषणा की है। कुवैती अधिकारियों के मुताबिक यह फैसला होरमुज़ जलडमरूमध्य से गुजरने वाले जहाजों को लेकर ईरान की ओर से दी गई धमकियों के मद्देनजर लिया गया है, जिससे क्षेत्र में ऊर्जा आपूर्ति को लेकर चिंताएं बढ़ गई हैं। वहीं इराक में भी तेल उत्पादन पर बड़ा असर पड़ा है। उद्योग से जुड़े अधिकारियों के अनुसार, देश के तीन प्रमुख दक्षिणी तेल क्षेत्रों से उत्पादन करीब 70 प्रतिशत घट गया है। यह उत्पादन पहले लगभग 4.3 मिलियन बैरल प्रतिदिन था, जो अब घटकर करीब 1.3 मिलियन बैरल प्रतिदिन रह गया है।

इधर संयुक्त अरब अमीरात ने कहा है कि वह मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए समुद्र में स्थित अपने तेल उत्पादन को सावधानीपूर्वक प्रबंधित कर रहा है, ताकि भंडारण की जरूरतों को संतुलित रखा जा सके। हालांकि, देश में जमीन पर स्थित तेल उत्पादन सामान्य रूप से जारी है।

डोनाल्ड ट्रंप ने कीमतों पर क्या बोला

वैश्विक बाजार में कच्चे तेल की कीमतें 100 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंचने के तुरंत बाद अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि तेल की कीमतों में अल्पकालिक बढ़ोतरी ईरान के परमाणु खतरे को खत्म करने के लिए चुकाई जाने वाली “बहुत छोटी कीमत” है। ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर प्रतिक्रिया दी। ट्रंप ने लिखा-कम समय के लिए तेल की कीमतें बढ़ना, जो ईरान के परमाणु खतरे के खत्म होते ही तेजी से गिर जाएंगी, अमेरिका और दुनिया की सुरक्षा और शांति के लिए चुकाई जाने वाली बहुत छोटी कीमत है। उन्होंने आगे कहा-जो लोग इससे अलग सोचते हैं, वे मूर्ख हैं।

Latest Business News





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *