
Silver and Gold Price: खाड़ी देशों में जारी तनाव के बीच सोने और चांदी की कीमतों में उतार-चढ़ाव का सिलसिला जारी है। सोमवार को दिल्ली के सर्राफा बाजार में जहां चांदी की कीमतों में गिरावट दर्ज की गई, तो वहीं दूसरी ओर सोने के भाव में मामूली बढ़त देखी गई। आज चांदी की कीमत 3400 रुपये (1.3 प्रतिशत) की गिरावट के साथ 2,68,300 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई। अखिल भारतीय सर्राफा संघ के अनुसार, चांदी की कीमतों में आज लगातार तीसरे दिन गिरावट दर्ज की गई। शुक्रवार को चांदी का भाव 600 रुपये गिरकर 2,71,700 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुआ था। जबकि, पिछले हफ्ते गुरुवार को चांदी की कीमत 27,700 रुपये (9.23 प्रतिशत) की भारी-भरकम गिरावट के साथ 2,72,300 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई थी। इस तरह, चांदी की कीमतों में 3 दिनों के अंतर 31,700 रुपये की गिरावट आई है।
सोने की कीमतों में मामूली बढ़ोतरी
इसी बीच, आज दिल्ली के सर्राफा बाजार में 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना 200 रुपये की मामूली बढ़त के साथ 1,64,300 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। सर्राफा संघ के अनुसार, पिछले हफ्ते शुक्रवार को सोने की कीमत 1100 रुपये (लगभग 1 प्रतिशत) की गिरावट के साथ 1,64,100 रुपये प्रति 10 ग्राम पर और गुरुवार को 7600 रुपये (4.4 प्रतिशत) की भारी गिरावट के साथ 1,65,200 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुई थी। वैश्विक स्तर पर, आज हाजिर सोना 65.23 डॉलर या 1.26 प्रतिशत टूटकर 5105.89 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा था, जबकि चांदी भी 0.53 प्रतिशत के नुकसान के साथ 83.92 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रही थी।
सोने-चांदी की कीमतों को लेकर क्या बोले एक्सपर्ट्स
एचडीएफसी सिक्योरिटीज के सीनियर एनालिस्ट सौमिल गांधी ने कहा, ”कच्चे तेल की कीमतों में तेज बढ़ोतरी से महंगाई का दबाव फिर से बढ़ने की चिंता से चांदी में पिछले सप्ताह की गिरावट और बढ़ गई।” ईंधन की ऊंची कीमतें महंगाई की आशंकाओं को बढ़ाती हैं, जिससे फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दरों में कटौती की रफ्तार में देरी हो सकती है। उन्होंने कहा कि इस स्थिति ने डॉलर और बॉन्ड यील्ड को समर्थन मिला, जिससे कीमती धातुओं पर दबाव पड़ा है। मिराए एसेट शेयरखान में कमोडिटी और करेंसी हेड प्रवीण सिंह ने कहा, ”पश्चिम एशिया में आपूर्ति की चिंताओं के कारण कच्चे तेल की कीमतों में रातों-रात लगभग 30 प्रतिशत की बढ़ोतरी होने से सोना 5097 डॉलर प्रति औंस के स्तर पर नीचे कारोबार कर रहा है।”
