
सान्या मल्होत्रा
India TV की ओर से SHE कॉन्क्लेव का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मशहूर बॉलीवुड एक्ट्रेस सान्या मल्होत्रा ने भी हिस्सा लिया। ‘दंगल’ से लेकर ‘मिसेज’ जैसी फिल्मों के जरिए अपने अभिनय का लोहा मनवा चुकीं सान्या ने इवेंट के दौरान इंडिया टीवी के सवालों के खुलकर जवाब दिए और उन्होंने अपने फिल्मी करियर के बारे में भी खुलकर बात की। सान्या ने 2016 में ‘दंगल’ से अपना करियर शुरू किया और ‘मिसेज’ और ‘कटहल’ जैसी फिल्मों में अलग-अलग तरह के किरदार निभाए। इवेंट के दौरान उन्होंने अपनी फिल्मों की चॉइस पर बात की और साथ ही साथ ये भी बताया कि उनके लिए ग्लैमर की परिभाषा क्या है।
सान्या के लिए ग्लैमर की परिभाषा
सान्या मल्होत्रा ने अपने किरदारों और फिल्मों में अपने लुक पर बात करते हुए बताया कि उनके लिए ग्लैमर की असली परिभाषा क्या है। दंगल से लेकर मिसेज तक में अपने लुक पर बात करते हुए उन्होंने कहा- ‘मुझे लगता है कि ये भी एक तरह का ग्लैमर है, वो सूट पहनना जो मैंने मिसेज में पहना। या फिर बाल कटवा देना दंगल के लिए। या फिर वो वर्दी, जिसे पहनकर आप बहुत पावरफुल फील करते हैं। ग्लैमर मेरे लिए सब्जेक्टिव था। मैं जब एक्टर बनी, मैंने शुरुआत ही दंगल से की। तो मेरे लिए ये जरूरी था कि मैं जब अपने किरदार में हूं तो वो दर्शकों को छुए। तो मेरे लिए ये कभी भी जरूरी नहीं था कि कैरेक्टर ग्लैमरस है या नहीं।’
