
आटे का चीला
ज्यादातर लोग सुबह के समय या तो बेसन का चीला बनाते हैं या फिर सूजी का चीला खाना पसंद करते हैं। लेकिन अगर आप इन दो तरीके के चीलों को खाते-खाते बोर हो गए हैं, तो आपको आटे का चीला जरूर बनाकर देखना चाहिए। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि महज कुछ ही मिनटों में बन जाने वाली इस डिश के लिए आपको ज्यादा फैंसी सामग्री की जरूरत भी नहीं पड़ेगी। बच्चों से लेकर बड़ों तक, सभी को आटे के चीले का टेस्ट काफी ज्यादा पसंद आने वाला है।
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि आटे का चीला बनाने के लिए एक कटोरी आटा, 2 चम्मच बेसन, 2 गाजर, एक प्याज, 2 हरी मिर्च, हाफ चम्मच काली मिर्च, 1/4 चम्मच लाल मिर्च, स्वाद अनुसार नमक चाहिए होगा। अगर आप चाहें, तो अपनी पसंद के हिसाब से सब्जी बढ़ा भी सकते हैं। आइए स्टेप बाई स्टेप आटे का चीला बनाने के बेहद आसान तरीके के बारे में जानकारी हासिल करते हैँ।
पहला स्टेप- सबसे पहले एक कटोरे में आटा निकाल लीजिए। अब गाजर को धोकर और छीलकर अच्छी तरह से घिस लीजिए।
दूसरा स्टेप- इसके बाद हरी मिर्च, हरा धनिया और प्याज को धोकर बारीक-बारीक काट लीजिए।
तीसरा स्टेप- आटे वाले कटोरे में सभी बारीक कटी चीजों को एड कर लीजिए। इसी कटोरे में नमक, काली मिर्च, बेसन, घिसी हुई अदरक एड कर सभी चीजों को आपस में अच्छी तरह से मिक्स कर लीजिए।
चौथा स्टेप- अब धीरे-धीरे पानी मिलाते हुए आपको एक घोल तैयार कर लेना है, जो न तो ज्यादा पतला हो और न ही ज्यादा गढ़ा।
पांचवां स्टेप- इसके बाद तवे को गर्म कर इसके ऊपर तेल फैलाने के बाद इस घोल को अच्छी तरह से स्प्रेड कर लीजिए।
छठा स्टेप- आपको चीले को दोनों तरफ से सेंक लेना है। चटनी या फिर अचार के साथ गर्मागर्म आटे के चीले का लुत्फ उठाया जा सकता है।
