
यूक्रेन ने रूस पर किया घातक हमला। (फाइल फोटो)
मिडिल ईस्ट में जंग के बीच यूक्रेन ने रूस पर एक बड़ा हमला किया है। यूक्रेन ने रूस के ब्रांयस्क में माइक्रो-इलेक्ट्रॉनिक प्लांट को निशाना बनाया है। सामने आई जानकारी के मुताबिक, इस प्लांट पर यूक्रेन ने Storm Shadow यानी SCALP-EG मिसाइल से अटैक किया है। इस मिसाइल को रशियन डिफेंस सिस्टम इंटरसेप्ट करने में नाकाम रहा। जानकारी के अनुसार, इस प्लांट पर आठ से दस धमाके किए गए हैं। आइए जानते हैं कि रूस पर यूक्रेन के इस हमले के बारे में अब तक क्या जानकारी सामने आई है।
प्लांट में सैन्य उपकरणों का उत्पादन होता था
जानकारी के मुताबिक, रूस के जिस माइक्रो-इलेक्ट्रॉनिक प्लांट पर यूक्रेन ने मिसाइल अटैक किया वहां पर मिसाइल सिस्टम, एयर डिफेंस सिस्टम और ड्रोन जैसे सैन्य उपकरणों का उत्पादन किया जाता था। यूक्रेन के इस हमले में कम से कम 6 रूसी नागरिकों के मारे जाने की खबर है जबकि 37 से ज़्यादा लोग जख़्मी हुए हैं।
रूसी सेना के हमले का दिया जवाब
यूक्रेन ने ये हमला रूसी सेना के उस हमले के जवाब में किया है जिसमें पूर्वी यूक्रेन में डोनबास क्षेत्र के स्लोवियांस्क पर हवाई हमला किया था। रूस की इस बमबारी में कम से कम चार लोगों की मौत हो गयी जबकि 14 साल की बच्ची सहित 16 से ज़्यादा लोग जख़्मी हो गए। यूक्रेनी सेना के मुताबिक, रूस ने सेंट्रल स्लोवियांस्क के रिहायशी इलाकों को टारगेट करके ड्रोन से 3 ग्लाइड बम दागे थे जिससे कई इमारतों को भारी नुकसान पहुंचा और सड़कों पर खड़ी कई गाड़ियों में भी आग लग गयी। इस हमले के जवाब में यूक्रेन ने रूस के माइक्रोइलेक्ट्रॉनिक प्लांट को निशाना बनाया और उसे तबाह कर दिया।
