गर्लफ्रेंड से मिलने पहुंचा लड़का, गांव वालों ने देखा तो बेरहमी से पीटा, दोनों नाबालिगों की करा दी शादी


Supaul- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT
ग्रामीणों ने नाबालिग लड़कों की शादी कराई

बिहार के सुपौल से एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां कुछ लोगों ने खुलेआम कानून की धज्जियां उड़ाते हुए एक नाबालिग लड़के की बेरहमी से पिटाई कर उसकी जबरन एक नाबालिग लड़की से करा दी। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि भीड़ एक लड़के की बेरहमी से पिटाई कर रही है।

पिटाई के दौरान लड़का बार-बार कहता रहा कि “हम अभी पढ़ने की उम्र में हैं, अभी शादी नहीं करेंगे।” लेकिन भीड़ ने उसकी एक नहीं सुनी और दोनों नाबालिगों की जबरन शादी करा दी। बताया जा रहा है कि यह मामला सुपौल जिले के रजेश्वरी थाना क्षेत्र के तमुआ पंचायत स्थित गोचर भतनी टोला का है। 

पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप

लड़के के परिजनों के अनुसार घटना की सूचना डायल 112 और स्थानीय पुलिस को दी गई थी, लेकिन पुलिस की ओर से कोई त्वरित कार्रवाई नहीं की गई। परिजनों का आरोप है कि लड़का अभी भी लड़की पक्ष के लोगों के कब्जे में है। वायरल वीडियो कई गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि पिटाई के बाद जब लड़के से पूछा जाता है कि क्या वह लड़की से शादी करेगा, तो वह साफ मना करते हुए कहता है कि “भैया, अभी हम पढ़ाई कर रहे हैं। पढ़ाई पूरी होने के बाद शादी कर लेंगे। अभी शादी करेंगे तो दोनों की जिंदगी खराब हो जाएगी।”

इंस्टाग्राम के जरिए हुई दोस्ती

जानकारी के अनुसार रजेश्वरी थाना क्षेत्र के चरने तमुआ निवासी सुधीर यादव के पुत्र प्रिंस कुमार की करीब आठ महीने पहले इंस्टाग्राम के माध्यम से पास के गांव की एक लड़की से दोस्ती हुई थी। बुधवार (11 मार्च) की शाम लड़की ने प्रिंस को फोन कर गोचर भतनी टोला स्थित एक मंदिर में मिलने के लिए बुलाया था। मंदिर पर दोनों को कुछ ग्रामीणों ने देख लिया। इसके बाद वहां मौजूद लोगों ने लड़के को पकड़कर बेरहमी से उसकी पिटाई शुरू कर दी। आरोप है कि भीड़ ने प्रिंस को जान से मारने की भी कोशिश की। वायरल वीडियो में यह भी दिखाई देता है कि लोगों के जुर्म से तंग आकर प्रिंस ने खुद भी अपना गला दबाकर आत्महत्या करने की कोशिश भी की। इसी दौरान किसी ने घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया,जो अब तेजी से वायरल हो रहा है।

लड़के के पिता ने की शिकायत

इस मामले में प्रिंस के पिता सुधीर यादव ने पुलिस से शिकायत भी की है और चार नामजद समेत कई अज्ञात लोगों पर प्रिंस का अपहरण कर जबरन ले जाने का आरोप लगाया है। हालांकि मामले की सूचना मिलने के बाद भी पुलिस अब तक न तो लड़के को बरामद कर पाई है और न ही इस मामले में स्पष्ट रूप से कुछ कह रही है। फिलहाल बताया जा रहा है कि लड़का लड़की पक्ष और ग्रामीणों के कब्जे में है। इस पूरे मामले पर सुपौल एसपी शरथ आर एस ने कहा कि मामला संज्ञान में आया है और इसकी जांच कराई जा रही है।

पुलिस का बयान

मामले को लेकर एसपी शरथ आरएस से गुरुवार को जब बात की गई तो उन्होंने कहा कि कांड दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। मामले को देख रहे हैं। लड़के की रिकवरी को लेकर जब उनसे पूछा गया तो उन्होंने कहा कि एसडीपीओ से बात कर लीजिए। मामले को लेकर जब गुरुवार शाम को एसडीपीओ विभाष कुमार से बात की गई तो उन्होंने कहा कि टीम निकली है। अब तक लड़के की बरामदगी नहीं हो पाई है।

(रिपोर्ट: संत सरोज)

यह भी पढ़ें-

लापरवाही की हद…एडमिट कार्ड पर अभ्यर्थी की जगह लगा दी कुत्ते की फोटो; 15 मार्च को है परीक्षा

बीपीएल परिवारों की छतों पर फ्री में लगेंगे सोलर पैनल, जानें कैसे मिलेगा ‘कुटीर ज्योति योजना’ का लाभ





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *