
ईरान पर अमेरिकी हमले की तस्वीर
वॉशिंगटन/तेहरान: ईरान पर अमेरिका और इजरायल के हमले जारी हैं। वहीं ईरान भी रह-रहकर इजरायल और खाड़ी देशों में अमेरिकी ठिकानों को निशाना बना रहा है। इस बीच खाड़ी क्षेत्र में उस वक्त तनाव अपने चरम पर पहुंच गया जब ईरान के दक्षिणी पश्चिमी तट पर स्थित खार्ग आईलैंड पर अमेरिकी सैन्य बलों ने जबरदस्त हमला बोल दिया। अमेरिकी हमलों के बाद ईरान की ओर से जवाबी कार्रवाई की वार्निंग दी गई है। वहीं दूसरी ओर निर्वासन में रह रहे ईरान के पूर्व शाह के बेटे रजा पहलवी ने सत्ता परिवर्तन के लिए तैयारियों का ऐलान कर दिया है।
ट्रंप ने दी और हमले की चेतावनी
अमेरिकी राष्ट्रपति ने ऐलान किया कि अमेरिका की आर्मी ने खार्ग आईलैंड पर स्थित ईरानी सैन्य ठिकानों को बर्बाद कर दिया है। साथ ही ट्रंप ने यह भी चेतावनी दी कि कि अगर तनाव कम नहीं हुआ तो अगला निशाना ईरान का महत्वपूर्ण तेल बुनियादी ढांचा हो सकता है। खार्ग आईलैंड ईरान के कच्चे तेल के निर्यात का सबसे बड़ा केंद्र माना जाता है।
खाड़ी देशों में हाई अलर्ट
अमेरिका द्वारा खार्ग आईलैंड को निशाना बनाने के बाद ईरान बौखला गया है। ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स ने संयुक्त अरब अमीरात (UAE) को सीधे तौर पर धमकी दी है। उसने कहा कि UAE में स्थित अमेरिकी सैन्य ठिकाने अब ईरान के लिए वैध लक्ष्य हैं। इससे एक बार फिर खाड़ी के देशों में पैनिक फैल गया है। इन देशों में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है।
रजा पहलवी ने क्या संदेश दिया?
वहीं इस युद्ध के बाद ईरान के अंदर उपजी अस्थितरता के बीच निर्वासन में रह रहे पूर्व शाह के बेटे रजा पहलवी ने एक बड़ा राजनीतिक संदेश जारी किया है। उन्होंने कहा कि जैसे ही ईरान में इस्लामिक गणराज्य का पतन होता है वे देश के शासन की बागडोर संभालने और इस ट्रांजिशन फेज के दौरान नेतृत्व करने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं। उन्होंने कहा कि वह पिछले काफी वक्त से ईरान के अंदर और बाहर सक्षम लोगों की पहचान कर रहे हैं।
