
एम्फीबियस असॉल्ट शिप यूएसएस ट्रिपोली।
दुबई: ईरान के साथ पिछले 2 हफ्ते से जारी जंग में अमेरिका ने बड़ा कदम उठाया है। अमेरिकी सेना ने 2500 मरीन सैनिकों और एक एम्फीबियस असॉल्ट शिप को मध्य पूर्व में भेजने का आदेश दिया है। एक अमेरिकी अधिकारी द्वारा नाम न बताने की शर्त पर दी गई जानकारी के मुताबिक, ये सैनिक 31वीं मरीन एक्सपेडिशनरी यूनिट से हैं और जहाज का नाम USS ट्रिपोली है। ये यूनिट समुद्र से हमला करने के अलावा दूतावासों की सुरक्षा मजबूत करने, नागरिकों को रेस्क्यू करने और आपदा राहत जैसे कामों में माहिर है। माना जा रहा है कि अभी अमेरिका जमीन पर हमला नहीं करेगा, लेकिन इससे क्षेत्र में उसकी ताकत जरूर बढ़ेगी।
‘खार्ग द्वीप पर ईरान के सैन्य ठिकानों को तबाह कर दिया है’
USS ट्रिपोली जापान में बेस्ड है और फिलहाल प्रशांत महासागर में घूम रहा था। सैटेलाइट तस्वीरों से पता चला कि यह ताइवान के पास था, इसलिए ईरान के पास पहुंचने में इसे अभी एक हफ्ते से ज्यादा समय लगेगा। क्षेत्र में पहले से अमेरिका के 12 जहाज हैं, जिसमें एयरक्राफ्ट कैरियर USS अब्राहम लिंकन और 8 डिस्ट्रॉयर शामिल हैं। USS ट्रिपोली जंग के बीच इस क्षेत्र में तैनात होने वाला दूसरा सबसे बड़ा जहाज होगा। इस बीच अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि अमेरिकी सेना ने ईरान के खार्ग द्वीप पर सैन्य ठिकानों को पूरी तरह ‘नष्ट’ कर दिया है। बता दें कि खार्ग द्वीप ईरान का मुख्य तेल निर्यात टर्मिनल है।
ईरान की राजधानी तेहरान में रैली के दौरान हुआ बड़ा धमाका
ट्रंप ने चेतावनी दी है कि अगर ईरान या कोई और स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में जहाजों की आवाजाही रोकता है, तो तेल इंफ्रास्ट्रक्चर को भी नष्ट कर दिया जाएगा। एक दिन पहले ईरानी संसद के स्पीकर मोहम्मद बागेर कलीबाफ ने कहा था कि ऐसे हमले से ईरान के सब्र का बांध टूट जाएगा। वहीं, ईरान की राजधानी तेहरान में शुक्रवार को फर्डौसी स्क्वायर में हजारों लोग फिलिस्तीन के समर्थन और इजरायल के खिलाफ सालाना कुद्स डे रैली में जमा थे। इसी दौरान एक बड़ा धमाका हुआ। इजरायल ने फारसी भाषा के अपने X अकाउंट पर पहले ही इलाके को खाली करने की चेतावनी दी थी, लेकिन ईरान में इंटरनेट लगभग बंद होने से ज्यादातर लोगों को यह मैसेज नहीं मिला।
अमेरिका और इजरायल ने ईरान पर लगातार किए हैं हमले
ईरान ने इजरायल और पड़ोसी खाड़ी देशों पर मिसाइल-ड्रोन हमले जारी रखे हैं। उसने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को पूरी तरह बंद कर दिया है जहां से पूरी दुनिया के तेल की 20 फीसदी सप्लाई होती है। अमेरिका और इजरायल की तरफ से ईरान में सैन्य और अन्य ठिकानों पर लगातार हमले हो रहे हैं। अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने कहा कि युद्ध शुरू होने से अब तक दुश्मन के 15,000 से ज्यादा लक्ष्यों पर हमला किया गया है। इजरायल ने पिछले 24 घंटों में 200 से ज्यादा लक्ष्यों पर हमला किया है। इजरायल ने कहा है कि ईरान और उसके दोस्तों पर हमले जारी रहेंगे।
