‘ममता और BJP एक ही सिक्के के दो पहलू’, बंगाल में ओवैसी ने तृणमूल पर बोला बड़ा हमला


कोलकाता: कोलकाता में ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने मुर्शिदाबाद की रैली में तृणमूल कांग्रेस पर बड़ा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि बंगाल में मुसलमानों का इस्तेमाल केवल वोट बैंक के रूप में हुआ है, जबकि विकास के नाम पर उन्हें पीछे छोड़ दिया गया। ओवैसी ने काह कि ममता और बीजेपी दोनों एक ही सिक्के के दो पहलू हैं। हुमायूं कबीर के नेतृत्व वाली एजेयूपी के उम्मीदवारों के समर्थन में मुर्शिदाबाद जिले के नाओडा में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने यह बात कही।

मुसलमानों का इस्तेमाल ‘वोट बैंक’ की तरह किया

असदुद्दीन ओवैसी ने बुधवार को आरोप लगाया कि सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस और अन्य दलों ने पश्चिम बंगाल में मुसलमानों का इस्तेमाल ‘वोट बैंक’ की तरह किया, लेकिन समुदाय के विकास के लिए कुछ नहीं किया। ओवैसी ने यह भी दावा किया कि पिछले 50 वर्षों में मुस्लिम समुदाय ने कांग्रेस, वाममोर्चा और तृणमूल कांग्रेस को वोट दिया, लेकिन उनकी स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ है। 

हुमायूं कबीर के साथ क्यों हाथ मिलाया? बताई ये वजह

उन्होंने कहा, ”पश्चिम बंगाल में मुसलमानों को राजनीतिक निर्णय लेने में अधिक प्रतिनिधित्व दिलाने और उनके वास्तविक विकास के लिए हमने कबीर के साथ हाथ मिलाया है। हम सब मिलकर ममता और उनकी पार्टी टीएमसी को करारा झटका देंगे।” ओवैसी ने रैली को संबोधित करते हुए कहा, ”अब समय आ गया है कि मुस्लिम समुदाय से ऐसे नेताओं को चुना जाए जो आपके आर्थिक विकास को सुनिश्चित कर सकें।” 

मुसलमानों के शोषण को रोकने का समय आ गया

उन्होंने कहा, ”यहां की आबादी में मुसलमानों की संख्या लगभग 30 प्रतिशत है, लेकिन राज्य सरकार की नौकरियों में लगभग 7 प्रतिशत मुसलमान हैं। मुसलमानों के शोषण को रोकने का समय आ गया है। इसके लिए अपने ही लोगों में से ऐसे नेताओं को चुनें जो भारत की धर्मनिरपेक्ष और समावेशी भावना का पालन करते हुए आर्थिक विकास को सुनिश्चित कर सकें। बीजेपी और टीएमसी दोनों ही भारत की धर्मनिरपेक्ष और समावेशी भावना का उल्लंघन कर रहे हैं।” 

तृणमूल कांग्रेस के आरोपों को किया खारिज

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी पर मुसलमानों के खिलाफ भेदभाव और अत्याचारों के संबंध में पाखंड करने का आरोप लगाते हुए, ओवैसी ने दावा किया कि बनर्जी का भाजपा के साथ ”एक गुप्त समझौता है और उनकी रणनीति अब उजागर हो गई है।” ओवैसी ने तृणमूल कांग्रेस के उन आरोपों को खारिज कर दिया कि तृणमूल कांग्रेस के वोट शेयर को कम करने और भाजपा को जीत दिलाने के लिए एआईएमआईएम और एजेयूपी चुनाव मैदान में उतरे हैं। 

एआईएमआईएम प्रमुख ने कहा, ”भाजपा और तृणमूल कांग्रेस दोनों हमारे लिए एक समान हैं। वे एक ही सिक्के के दो पहलू हैं। जैसा कि मैंने बार-बार कहा है, हमारा गठबंधन चाहता है कि मुसलमानों को अपनी आवाज उठाने और अपने अधिकारों के लिए लड़ने का मौका मिले।” पश्चिम बंगाल की 294 सदस्यीय विधानसभा के चुनाव दो चरणों में 23 और 29 अप्रैल को होंगे। मतगणना चार मई को होगी। 





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *