यूपीः कुशीनगर के भैंसहां मेले में बड़ा हादसा, झूला टूटने से 12 लोग घायल


कुशीनगर: यूपी के कुशीनगर के खड्डा इलाके में भैंसहां मेले में बुधवार रात में बड़ा हादसा हो गया। मेले में चल रहा एक झूला अचानक टूटकर गिर गया, जिससे 12 लोग घायल हो गए। घायलों को पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि चार चक्कर लगाने के बाद झूले में खराबी आ गई लेकिन ऑपरेटर ने इसे नजरअंदाज कर दिया। झूला टूटते ही मौके पर भगदड़ मच गई। इस मेले में चैत्र पूर्णिमा पर भारी भीड़ जुटती है। यूपी और बिहार  से श्रद्धालु यहां आते हैं। 

कई लोग जिला अस्पताल रेफर

खड्डा के विधायक विवेकानंद पांडे ने कहा कि मेले में हुए हादसे के बारे में जानकारी मिली है, जिसमें एक झूला टूटकर गिर गया है। सभी प्रभावित लोगों को अस्पताल पहुंचा दिया गया है। जिन लोगों का इलाज स्थानीय स्तर पर हो सकता है, उनका इलाज यहीं किया जा रहा है, जबकि कुछ लोगों को ज़िला अस्पताल रेफर किया गया है। अधिकारी यह सुनिश्चित करने के लिए हर संभव प्रयास कर रहे हैं कि सभी को उचित चिकित्सा उपचार मिले। हम ईश्वर से प्रार्थना करते हैं कि सभी लोग जल्द से जल्द ठीक हो जाएं।”

पुलिस कर रही है मामले की जांच

पुलिस ने बताया कि झूले के गिरने के कारणों की जांच की जा रही है और अधिकारियों ने मेला घूमने आए लोगों से बचाव टीमों के साथ सहयोग करने का आग्रह किया है। स्थिति को नियंत्रित करने और घायलों की सहायता के लिए चिकित्सा और अग्निशमन कर्मियों सहित आपातकालीन सेवाओं को तुरंत तैनात किया गया। 

 ट्रैक्टर ट्राली बड़ी गंडक नहर में गिरी

वहीं एक अन्य घटना में श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर ट्राली बड़ी गंडक नहर में गिर गई। हादसे में 20 से ज्यादा लोग घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने लोगों को बाहर निकाला। ग्रामीणों की मदद से घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। गंभीर हालत में 14 लोगों को जिला अस्पताल रेफर किया गया। ये श्रद्धालु महराजगंज के बड़हरा से भैंसहा दुर्गा मंदिर मेले में जा रहे थे। यह घटना खड्डा थाना क्षेत्र के सिसवा गोपाल की है।

रिपोर्ट- उदय सिंह





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *