बॉलीवुड के सुपरस्टार सलमान खान अक्सर अपनी फिल्मों और विवादों के कारण चर्चा में रहते हैं, लेकिन उनका एक मानवीय पक्ष भी है जो लाइमलाइट से दूर रहकर लोगों की मदद करने में विश्वास रखता है। साल 2007 से अपनी ‘बीइंग ह्यूमन’ फाउंडेशन के जरिए वह स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में हजारों लोगों की सहायता कर रहे हैं। हाल ही में कर्नाटक की रीना राजू ने एक पॉडकास्ट के दौरान खुलासा किया कि कैसे सलमान खान ने उनके दो हार्ट ट्रांसप्लांट के कठिन दौर में उनका साथ दिया। संघर्ष भरे दिनों की चर्चा करते हुए उन्होंने जो बताया वो दिल जीतने वाला है।
मुश्किल वक्त में सलमान खान का साथ
रीना राजू कर्नाटक की रहने वाली हैं। उन्हें एक नहीं बल्कि दो बार हार्ट ट्रांसप्लांट की प्रक्रिया से गुजरना पड़ा। ‘वॉयस ऑफ बेंगलुरु’ पॉडकास्ट में आरजे सौजन्या से बात करते हुए रीना भावुक हो गईं। उन्होंने बताया कि पहले ट्रांसप्लांट से पहले उनके पास सलमान खान का नंबर था। उन्होंने बिना किसी उम्मीद के उन्हें मैसेज किया और बताया कि वह हार्ट ट्रांसप्लांट कराने जा रही हैं। उस समय सलमान ऑस्ट्रेलिया में शूटिंग कर रहे थे, लेकिन उन्होंने न केवल मैसेज का जवाब दिया, बल्कि ट्रांसप्लांट वाली रात को फोन भी किया। रीना के अनुसार सलमान ने उनके परिवार से लगभग दो घंटे बात की और उन्हें इस बड़ी सर्जरी के लिए प्रोत्साहित किया।
मदद से दोस्ती तक का सफर
पहले ट्रांसप्लांट के बाद रीना लगभग दो साल तक सलमान के संपर्क में नहीं रहीं, लेकिन जब उन्होंने अपनी खुद की फाउंडेशन ‘लाइट ए लाइफ’ शुरू की तो सलमान को मैसेज किया। सलमान ने न केवल उन्हें याद रखा, बल्कि उनके इस नेक काम के लिए उन्हें प्रेरित भी किया। रीना की सलमान से पहली मुलाकात 2018 में उनके दूसरे हार्ट ट्रांसप्लांट के बाद मुंबई स्थित उनके घर पर हुई। जिसे रीना महज 10 मिनट की औपचारिक मुलाकात समझ रही थीं, वह एक यादगार शाम में बदल गई। उन्होंने बताया कि सलमान ने उनके साथ काफी वक्त बिताया, साथ में गाना-बजाना हुआ और उन्होंने रीना को अपनी फिल्म ‘रेस 3’ के सेट पर भी ले गए।
गुमनाम नायकों की मदद
रीना ने बताया कि सलमान खान के व्यक्तित्व में दरियादिली कूट-कूट कर भरी है। उन्हें याद था कि रीना ने बहुत पहले एक व्हाइट बीइंग ह्यूमन साइकिल की इच्छा जताई थी, जो उन्होंने रीना को भेंट की। आज भी जब रीना को ट्रांसप्लांट के बाद होने वाली स्वास्थ्य समस्याओं का सामना करना पड़ता है तो वह सलमान को मैसेज करती हैं और अभिनेता हमेशा गर्मजोशी से जवाब देते हैं। रीना का कहना है कि उनकी तरह ऐसे अनगिनत लोग हैं जिनकी मदद सलमान खान ने बीइंग ह्यूमन के जरिए की है, लेकिन वे दुनिया की नजरों से दूर हैं।
आगामी फिल्में और प्रोजेक्ट्स
वर्कफ्रंट की बात करें तो सलमान खान को आखिरी बार 2025 में एआर मुरुगादॉस की फिल्म ‘सिकंदर’ में रश्मिका मंदाना के साथ देखा गया था। वर्तमान में वह फिल्म ‘मातृभूमि’ की शूटिंग में व्यस्त हैं, जिसका पुराना नाम ‘बैटल ऑफ गलवान’ था। उम्मीद है कि यह फिल्म इसी साल सिनेमाघरों में दस्तक देगी। इसके अलावा खबरें हैं कि वह रितेश देशमुख और जेनेलिया डिसूजा की फिल्म ‘राजा शिवाजी’ में एक विशेष कैमियो भूमिका में भी नजर आएंगे।
