इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन के 7वां मुकाबला चेन्नई सुपर किंग्स और पंजाब किंग्स की टीम के बीच में खेला गया। सीएसके की टीम का ये इस सीजन में दूसरा मैच था, जिसमें पहले मुकाबले में उनको हार का सामना करना पड़ा था, जिसकी सबसे बड़ी वजह खराब बल्लेबाजी प्रदर्शन था। पंजाब किंग्स के खिलाफ मैच में चेन्नई सुपर किंग्स ने इस गलती में सुधार जरूर किया जिसमें वह पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर्स में 209 रनों का स्कोर बनाने में कामयाब रहे। सीएसके की तरफ से इस मैच में आयुष म्हात्रे के बल्ले से जहां 73 रनों की पारी देखने को मिली तो वहीं शिवम दुबे ने भी 45 रनों की बेहतरीन पारी खेली। इसी के साथ चेन्नई सुपर किंग्स की टीम ने एक खास मामले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टीम को पीछे छोड़ दिया।
आईपीएल में सबसे ज्यादा बार 200 प्लस स्कोर बनाने वाली टीम बनी सीएसके
चेन्नई सुपर किंग्स टीम की गिनती आईपीएल इतिहास की सबसे सफल टीमों में की जाती है, जो इस ट्रॉफी को 5 बार अपने नाम करने में कामयाब रही है। हालांकि पिछले कुछ सीजन सीएसके के लिए बिल्कुल भी उम्मीद के अनुसार नहीं रहे जिसमें उनके लिए प्लेऑफ में भी जगह बना पाना मुश्किल काम दिखा है। इसके बावजूद आईपीएल 2026 सीजन में जैसे ही चेन्नई सुपर किंग्स की टीम ने पंजाब किंग्स के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करते हुए 200 का स्कोर पार किया उसी के साथ वह आईपीएल इतिहास में सबसे ज्यादा बार 200 या उससे अधिक का स्कोर बनाने वाली टीम बन गई। सीएसके ने आईपीएल इतिहास में 36वीं बार ये कारनामा किया है, जबकि दूसरे नंबर पर काबिज आरसीबी की टीम 35 बार ये कारनामा करने में कामयाब हो सकी है।
आईपीएल में सबसे ज्यादा बार 200 या उससे अधिक का स्कोर बनाने वाली टीमें
- चेन्नई सुपर किंग्स – 36 बार
- रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु – 35 बार
- पंजाब किंग्स – 33 बार
- मुंबई इंडियंस – 32 बार
- कोलकाता नाइट राइडर्स – 30 बार
संजू सैमसन ने लगातार दूसरे मैच में भी किया निराश
पंजाब किंग्स के खिलाफ मुकाबले में सभी की नजरें संजू सैमसन पर टिकी हुई थी, लेकिन वह लगातार दूसरे मुकाबले में भी कोई कमाल दिखाने में कामयाब नहीं हो सके। पंजाब किंग्स के खिलाफ मैच में संजू सैमसन 7 गेंदों का सामना करने के बाद सिर्फ 7 रन बनाकर वापस पवेलियन लौट गए। इस मैच में सरफराज खान ने जरूर प्रभावित करने में कामयाब रहे जिन्होंने 12 गेंदों में बेहतरीन 32 रनों की पारी खेली।
ये भी पढ़ें
मुंबई इंडियंस का IPL 2026 में कौन है एक्स फैक्टर खिलाड़ी? हेड कोच ने अफगान प्लेयर का लिया नाम
