फिल्म रामायण के निर्माताओं ने 2 अप्रैल, 2026 को रणबीर कपूर के राम अवतार का पहला लुक जारी किया और तब से यह चर्चा का विषय बना हुआ है। नितेश तिवारी द्वारा निर्देशित इस फिल्म में रणबीर कपूर, साई पल्लवी, यश और अन्य सितारों से सजी कास्ट है। द क्लाइमेक्स इंडिया को दिए एक साक्षात्कार में निर्देशक नितेश तिवारी ने पौराणिक महाकाव्य रामायण के अपने पसंदीदा दृश्य का खुलासा किया। उन्होंने कहा, ‘यह एक ऐसा क्षण है जो मेरे दिल के सबसे करीब है।’
डायरेक्टर ने किया खुलासा
जब नितेश तिवारी से पूछा गया कि दर्शकों को कौन सा दृश्य देखने के लिए वे सबसे ज़्यादा उत्साहित हैं, तो उन्होंने कहा, ‘मैं दर्शकों के साथ थिएटर में बैठकर यह देखने के लिए बहुत उत्सुक हूं कि क्या मैं उन भावनाओं को सही ढंग से चित्रित कर पाया हूं या नहीं। यह दृश्य भगवान राम के वनवास जाने का है। यह एक बेहद भावुक क्षण है पूरा शहर उन्हें जाते हुए नहीं देखना चाहता, सब उनके साथ रोते हैं। मुझे लगता है कि यह क्षण मेरे दिल के सबसे करीब है। यह ऐसा दृश्य है जो मुझे हर बार भावुक कर देता है।’ जानकारी के लिए बता दें कि रामायण दो भागों में रिलीज होगी। पहला भाग दिवाली 2026 के दौरान सिनेमाघरों में रिलीज होगा, जबकि दूसरा भाग दिवाली 2027 के दौरान रिलीज होगा।
ये रहेगी फिल्म की स्टारकास्ट
फिल्म में रणबीर कपूर ने राम का किरदार निभाया है और साई पल्लवि ने सीता के किरदार की जिम्मेदारी संभाली है। रवि दुबे ने लक्ष्मण का रोल निभाया है। साथ ही सनी देओल हनुमान और केजीएफ स्टार यश ने रावण का रोल प्ले किया है। फिल्म में अन्य सितारों के अहम किरदारों में कास्ट होने की भी खबरें हैं। हालांकि अभी तक इन नामों का खुलासा नहीं हुआ है। बीते दिनों टीजर रिलीज के बाद से रणबीर कपूर के लुक को लेकर भी खूब सुर्खियां सामने आती रहीं। फिल्म का निर्माण नमित मल्होत्रा ने किया है और केजीएफ फेम यश इसके सह-निर्माता हैं। पटकथा श्रीधर राघवन ने लिखी है। ऑस्कर विजेता संगीतकार हंस ज़िमर और एआर रहमान ने संगीत दिया है। प्राइम फोकस स्टूडियोज और मॉन्स्टर माइंड क्रिएशन्स के सहयोग से प्रस्तुत यह फिल्म है।
ये भी पढ़ें- आज भी राज है इस एक्टर की पहली शादी, 2 ही महीने में हुआ तलाक, फिर मुस्लिम एक्ट्रेस को बनाया हमसफर
धुरंधर और छावा एक संग, अनुपम खेर ने दोनों सितारों संग बिताए खास पल, तस्वीर शेयर कर लुटाया प्यार
