राजस्थान में रविवार को सब-इंस्पेक्टर (SI) भर्ती परीक्षा आयोजित की गई। इस दौरान एक भावुक कर देने वाली घटना सामने आई। चिड़ावा शहर के एक परीक्षा केंद्र पर दूसरी पारी में पहुंची एक युवती को महज एक मिनट की देरी के कारण एंट्री नहीं मिली। युवती काफी मिन्नतें करती रही, लेकिन नियमानुसार युवती को प्रवेश नहीं दिया गया।
जानकारी के अनुसार, युवती समय सीमा खत्म होने के तुरंत बाद परीक्षा केंद्र पहुंची और अंदर जाने की गुहार लगाती रही। उसने परीक्षा में बैठने के लिए अधिकारियों से बार-बार निवेदन किया, लेकिन निर्धारित नियमों का हवाला देते हुए उसे प्रवेश देने से मना कर दिया गया।
बताया जा रहा है कि युवती ने सुबह ही प्रथम पारी का पेपर दिया था। दूसरी पारी के लिए 1 से 2 बजे तक ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति थी। लेकिन युवती की मिनट भर की देरी उसके सपनों पर भारी पड़ गई।
होश में आने के बाद भावुक हो गई
घटना के बाद युवती परीक्षा केंद्र के बाहर ही बेसुध होकर गिर पड़ी। मौके पर मौजूद महिला पुलिसकर्मियों ने तुरंत उसे संभाला और होश में लाने की कोशिश की। होश में आने के बाद युवती भावुक हो गई और उसने सरकार व प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जाहिर की। युवती ने कहा कि उसकी दो साल की मेहनत खराब हो गई।
उसने यह भी बताया कि वह सुबह पहली पारी की परीक्षा दे चुकी थी और दूसरी पारी के लिए समय पर पहुंचने की कोशिश कर रही थी। इस घटना ने परीक्षा व्यवस्थाओं की सख्ती और मानवीय पहलुओं को लेकर एक बार फिर बहस छेड़ दी है।
(रिपोर्ट- अमित शर्मा)
ये भी पढ़ें-
पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा में बारिश का तांडव, 23 बच्चों समेत 45 की मौत; 9 अप्रैल तक अलर्ट जारी
