इंसानियत हुई शर्मसार: दिव्यांग बेटी के साथ पिता का घिनौना अपराध, गर्भवती होने पर खुला मामला, आरोपी गिरफ्तार


ओडिशा के ढेंकानाल जिले से एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसने इंसानियत को झकझोर कर रख दिया है। यहां एक पिता ने ही अपनी दिव्यांग बेटी के साथ लंबे समय तक जघन्य अपराध किया। यह मामला तब उजागर हुआ, जब पीड़िता के गर्भवती होने की बात सामने आई। इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला कर रख दी है। घटना के सामने आने के बाद पुलिस ने कार्रवाई की है और आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया गया है।

क्या है पूरा मामला?

जानकारी के मुताबिक, यह घटना ढेंकनाल जिले के रसोल थाना क्षेत्र की है। यहां रहने वाली एक दिव्यांग युवती के साथ उसके ही पिता ने कथित तौर पर कई बार दुष्कर्म किया। बताया जा रहा है कि आरोपी ने बेटी की शारीरिक और मानसिक स्थिति का फायदा उठाते हुए इस अपराध को अंजाम दिया, जिसकी भनक लंबे समय तक किसी को नहीं लगी।

कैसे हुआ मामले का खुलासा?

परिवार को इस मामले का शक तब हुआ, जब लड़की के शरीर में असामान्य बदलाव नजर आने लगे। इसके बाद जब उसकी मेडिकल जांच कराई गई, तो पता चला कि वह गर्भवती है। यह सुनकर परिवार के होश उड़ गए। तुरंत उसे इलाज के लिए ढेंकनाल जिला मुख्यालय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसने हाल ही में एक बच्ची को जन्म दिया।

आरोपी पिता हिरासत में

इस घटना के बाद पीड़िता की मां पूरी तरह टूट गई, लेकिन उसने हिम्मत दिखाते हुए अपने ही पति के खिलाफ आवाज उठाई। मां ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर तुरंत कार्रवाई शुरू की गई। पुलिस ने मामला दर्ज करते ही आरोपी पिता को हिरासत में ले लिया। शुरुआती पूछताछ के बाद उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। इस मामले को रसोल थाने में केस नंबर 85/26 के तहत दर्ज किया गया है। आरोपी की उम्र करीब 59 साल बताई जा रही है।

पुलिस ने क्या बताया?

इस घटना को लेकर हिंदोल एसडीपीओ सत्या नंद ने कहा,”पीड़ित युवती जब 6 महीने गर्भवती थी तभी पीड़िता की मां को अस्पताल में इलाज के दौरान मामले का पता चला था। पीड़िता ने अपने पिता का नाम लेते हुए अपनी आपबीती सुनाई थी पर परिवार शिकायत करने की हिम्मत नहीं जुटा पाया । जब जब पीड़िता की मां कपड़े धोने पास के तालाब जाती थी तब तब पिता उसके साथ दुष्कर्म करता था और उसे धमकी देता था कि अगर उसने किसी को इस बारे में बताया तो ठीक नहीं होगा। अब जब पीड़िता ने एक शिशु पुत्र को जन्म दिया तो अस्पताल प्रशासन द्वारा पिता का नाम पूछे जाने पर इस बात का खुलासा हुआ और पीड़िता की मां ने अपने पति के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई। थाने में दर्ज शिकायत और पीड़िता के बयान के आधार पर आरोपी पिता को हिरासत में लेकर पूछताछ के बाद कोर्ट फॉरवर्ड कर दिया गया है। आरोपी पिता 59 साल का है और अभी न्यायिक हिरासत में है।”

पुलिस द्वारा मामले की गंभीरता को देखते हुए हर पहलू से जांच की जा रही है, ताकि सच्चाई पूरी तरह सामने आ सके और पीड़िता को न्याय मिल सके। इस घटना के सामने आने के बाद इलाके में भारी आक्रोश है। स्थानीय लोगों का मानना है कि इस तरह का अपराध समाज के लिए कलंक है। लोग दोषी को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग कर रहे हैं।  (रिपोर्ट: शुभम कुमार)

ये भी पढ़ें- इजरायल में उत्तर प्रदेश के 6000 से ज्यादा श्रमिक पूरी तरह सुरक्षित, लगातार संपर्क में योगी सरकार, वापसी के भी हैं इंतजाम

सीएम मोहन यादव और योगी आदित्यनाथ की अनूठी पहल, वाराणसी में सम्राट विक्रमादित्य नाटक का ऐतिहासिक मंचन





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed