दिल्ली-NCR समेत इन राज्यों में कब होगी बारिश? प्रचंड गर्मी के बीच मौसम विभाग का आया बड़ा अपडेट


delhi ncr rain- India TV Hindi

Image Source : FILE PHOTO
दिल्ली एनसीआर में कब होगी बारिश

उत्तर और पूर्वी भारत के ज्यादातर इलाकों में भीषण गर्मी का प्रकोप जारी है, जिससे बिजली की मांग रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई और रातें सामान्य से अधिक गर्म रहने से लोगों की परेशानी और बढ़ गई। दिल्ली में गर्मी के रेड अलर्ट के बीच मंगलवार को 5 लोगों की मौत हुई है। वहीं, अब तक 119 और बिहार में 45 लोगों की जान चली गई हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने कहा कि उत्तर प्रदेश, दक्षिण उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पंजाब और उत्तरी मध्य प्रदेश, ओडिशा, झारखंड, बिहार और जम्मू संभाग के कुछ हिस्सों में भीषण गर्मी की स्थिति बनी हुई है। चिलचिलाती गर्मी के बीच मौसम विभाग ने दिल्ली-NCR समेत कई राज्यों के लिए गुड न्यूज दी है।

कल दिल्ली में हो सकती है बारिश

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने दिल्ली-एनसीआर में बुधवार को चिलचिलाती गर्मी के साथ लू की स्थिति बनी रहेगी। इसके बाद 20 और 21 जून (गुरुवार और शुक्रवार) को राजधानी दिल्ली और एनसीआर के कई इलाकों में हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने बताया कि 19 जून के बाद दिल्ली में हल्की बारिश हो सकती है। इस दौरान हवाओं की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा रह सकती है।

बिहार में कब होगी मानसून की एंट्री?

बिहार के लोग भी गर्मी से परेशान हैं। स्थानीय मौसम विभाग ने बताया कि पश्चिम बंगाल में जलपाईगुड़ी के आसपास मानसून रुका है। ऐसे में दो से तीन दिनों में बिहार की सीमा में मानसून प्रवेश करेगा। बिहार के कई जिलों में 20 जून (गुरुवार) तक बारिश होने की संभावना है।

24 घंटे बाद MP के कई जिलों में होगी बारिश

मध्य प्रदेश के शिवपुरी, ग्वालियर, सतना और छतरपुर में तापमान 45 डिग्री के पार पहुंच रहा है। एमपी के लोग बारिश के इंतजार में है। स्थानीय मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटों में राज्य के कई जिलों में झमाझम बारिश होगी। सोमवार को मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में हल्की बारिश हुई। वहीं, अब राज्य के कई जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

नोएडा में सात लोग बिना किसी चोट के मृत पाए गए

भीषण गर्मी पड़ने के दौरान, पिछले 24 घंटों में नोएडा के विभिन्न इलाकों में सात लोग बिना किसी चोट के मृत पाए गए। पुलिस ने मंगलवार को कहा कि इनकी मौतों के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। भीषण गर्मी के कारण बड़ी संख्या में लोग पानी के लिए संघर्ष कर रहे हैं, जलाशयों और नदियों में जल स्तर रिकॉर्ड निचले स्तर पर पहुंच गया है। सिंचाई के लिए पानी की कमी से कुछ क्षेत्रों में खेती पर असर पड़ा है। बिजली ग्रिड पर भारी दबाव है और शॉर्ट सर्किट और आग लगने की घटनाओं में वृद्धि हुई है।

यूपी का ओरई रहा देश का सबसे गर्म स्थान

उत्तर प्रदेश, दिल्ली, पंजाब और हरियाणा में कम से कम दस स्थानों पर मंगलवार को तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया या उससे अधिक हो गया। उत्तर प्रदेश का ओरई 46.4 डिग्री सेल्सियस के साथ देश का सबसे गर्म स्थान रहा। राजस्थान के अधिकतर हिस्सों में मंगलवार को दिन के तापमान में सोमवार के मुकाबले मामूली गिरावट के बावजूद गर्मी का असर बरकरार रहा। संगरिया 44.9 डिग्री के साथ राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा। पिछले कुछ हफ्तों में राजस्थान में दो बार तापमान 50 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है और दिल्ली में लगातार 36 दिनों तक तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया है।

Latest India News





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *