राजस्थान: सीएम भजनलाल शर्मा का बड़ा बयान, कहा- राज्य में 5 साल में लगाए जाएंगे 50 करोड़ पौधे


Bhajanlal Sharma- India TV Hindi

Image Source : FILE
भजनलाल शर्मा

जयपुर: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बुधवार को कहा कि राजस्थान में अगले पांच साल में 50 करोड़ पौधे (पेड़) लगाए जाएंगे। इसके साथ ही शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार भाजपा के ‘संकल्प पत्र’ में किए गए हर वादे को पूरा कर रही है। शर्मा बुधवार को हरियाली तीज के अवसर पर दूदू के गाडोता में 75वें राज्य स्तरीय वन महोत्सव को संबोधित कर रहे थे। 

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की पर्यावरण संरक्षण की प्रेरणा से राज्य सरकार ने इस वर्ष मुख्यमंत्री वृक्षारोपण महाअभियान शुरू कर सात करोड़ पौधे लगाने का संकल्प लिया है। सरकार इस अभियान को सफल बनाने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस अभियान के तहत आगामी पांच वर्ष में 50 करोड़ पौधे लगाए जाएंगे और लगाये गये पौधों को पेड़ बनाने के लिए उनकी सुरक्षा एवं देखभाल भी सुनिश्चित की जाएगी।

वृक्षारोपण को रफ्तार देने की तैयारी

उन्होंने कहा कि राज्य के विभिन्न विभागों, गैर सरकारी संस्थाओं, ग्राम पंचायतों, शहरी निकायों एवं आमजन को पौध उपलब्ध कराकर तकनीकी सहायता भी दी जा रही है ताकि वृक्षारोपण को गति मिल सके। मुख्यमंत्रीने कहा, ‘पर्यावरण संरक्षण भारतीय संस्कृति का महत्वपूर्ण हिस्सा रहा है। राज्य सरकार द्वारा आज हरियाली तीज के अवसर पर एक ही दिन में राज्यभर में एक करोड़ से अधिक पेड़ लगाए जा रहे हैं। इन पौधों के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए पौधों की जियो टैगिंग भी की जाएगी। हम सभी को इस पहल में सक्रिय भागीदारी निभानी चाहिए, ताकि ‘हरियालो राजस्थान’ का निर्माण हो सके।’

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार किसान, गरीब, महिला व युवा सहित सभी वर्गों को राहत देने के लिए निरंतर काम कर रही है और सरकार अपने ‘संकल्प पत्र’ में किए गए प्रत्येक वादे को पूरा कर रही है। मुख्यमंत्री शर्मा ने विधिपूर्वक मंत्रोच्चार के साथ पीपल का पौधा लगाकर ‘हरियालो राजस्थान अभियान’ की शुरुआत की। 

उन्होंने पौधे को मोबाइल एप्लीकेशन के माध्यम से जियो टैग भी किया। उन्होंने ड्रोन के माध्यम से बीजारोपण करने की तकनीक का भी निरीक्षण किया और स्वयं ड्रोन उड़ाकर परिसर में बीजारोपण भी किया। मुख्यमंत्री ने महोत्सव में अमृता देवी विश्नोई स्मृति पुरस्कार के तहत वन विकास एवं वन्य जीव संरक्षण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए विभिन्न श्रेणियों में पुरस्कार दिए। (इनपुट: भाषा)





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *