चुनाव रिजल्ट: जम्मू कश्मीर में 3 महिला उम्मीदवारों को मिली जीत, 2014 में केवल 2 पहुंची थीं विधानसभा


Jammu and Kashmir Election Result- India TV Hindi

Image Source : FILE
शगुन परिहार, सकीना मसूद, शमीम फिरदौस

श्रीनगर: जम्मू कश्मीर विधानसभा चुनावों के नतीजे सामने आ चुके हैं। इस चुनाव में सबसे ज्यादा सीटें नेशनल कॉन्फ्रेंस गठबंधन को मिली हैं। उन्हें कुल 90 सीटों में से 49 सीटें मिली हैं। इस चुनाव की खास बात ये रही कि इस बार 3 महिला उम्मीदवारों को जीत हासिल हुई है। साल 2014 में ये आंकड़ा केवल 2 था।

किसे मिली जीत?

  1. पूर्व मंत्री सकीना मसूद (नेशनल कॉन्फ्रेंस)
  2. शगुन परिहार (बीजेपी)
  3. शमीम फिरदौस (नेशनल कॉन्फ्रेंस)

कितना रहा वोटों का अंतर

इस बार के चुनाव में बीजेपी की एकमात्र महिला उम्मीदवार शगुन परिहार ने नेशनल कॉन्फ्रेंस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री सज्जाद अहमद किचलू को हराया है। वह किश्तवाड़ विधानसभा सीट से जीती हैं। 

वहीं कुलगाम जिले की डी एच पोरा विधानसभा सीट से पूर्व मंत्री सकीना मसूद जीती हैं। उन्हें 36,623 वोट मिले हैं। उन्होंने गुलजार अहमद डार को 17,449 वोटों के अंतर से हराया है। डार को महज 19,174 वोट मिले है। 

नेशनल कॉन्फ्रेंस की एक अन्य उम्मीदवार शमीम फिरदौस ने श्रीनगर जिले की हब्बाकदल सीट पर भाजपा उम्मीदवार अशोक कुमार भट को 9,538 वोटों से हराया है। 

अगर 10 साल पहले साल 2014 में हुए चुनावों की बात करें तो केवल 2 महिलाएं विधानसभा पहुंची थीं। वहीं साल 2008 में महबूबा समेत 3 महिलाएं चुनाव जीती थीं।

शगुन परिहार की जीत की काफी चर्चा

बता दें कि किश्तवाड़ से भाजपा उम्मीदवार शगुन परिहार ने नेशनल कॉन्फ्रेंस के सज्जाद अहमद किचलू को 521 वोटों से हराया। किश्तवाड़ एक मुस्लिम बाहुल्य सीट है, जहां 70% से भी ज्यादा आबादी मुस्लिम है। शगुन की ये जीत ऐतिहासिक है। बता दें कि शगुन परिहार के पिता और चाचा की आतंकियों ने साल 2018 में गोली मारकर हत्या कर दी थी। शगुन की उम्र महज 29 साल है। 

शगुन परिहार को 29,053 वोट मिले। वहीं किचलू को 28,532 वोट मिले। शगुन ने किचलू को महज 521 वोटों से हराया। शगुन ने अपनी जीत पर क्षेत्र की जनता को धन्यवाद किया और कहा कि ये जीत सिर्फ उनकी नहीं है बल्कि जम्मू कश्मीर के राष्ट्रवादी लोगों की भी जीत है। उन्होंने ये भी कहा कि वह क्षेत्र की सुरक्षा की दिशा में काम करूंगी। किश्तवाड़ की चुनौतियों को खत्म करना उनकी पहली प्राथमिकता होगी। (इनपुट: भाषा से भी)

 





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *