‘मैं RSS की पदाधिकारी हूं’, महिला ने BJP नेता को दिया खनिज निगम का चेयरमैन बनाने का ऑफर, 41 लाख की लगी चपत


प्रतीकात्मक तस्वीर
Image Source : PIXABAY
प्रतीकात्मक तस्वीर

छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले की पुलिस ने राज्य के खनिज विकास निगम में अध्यक्ष पद दिलाने के लिए भाजपा के एक वरिष्ठ नेता से 41.30 लाख रुपये की ठगी करने के आरोप में एक महिला समेत दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि भाजपा नेता संतोष कटारिया (64) की शिकायत के आधार पर केशकाल थाने में काजल जोशी उर्फ कोमल इंगुले और राजीव सोनी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है। 

क्या है पूरा मामला?

भाजपा की कोंडागांव जिला इकाई के कोर ग्रुप सदस्य कटारिया ने आरोप लगाया है कि रायपुर निवासी सोनी ने उनका परिचय काजल जोशी से कराया था। शिकायत के अनुसार कटारिया अविभाजित मध्य प्रदेश में भाजपा की उत्तर बस्तर जिला इकाई के अध्यक्ष थे। शिकायत के अनुसार काजल ने 12 अगस्त 2024 को कटारिया से फोन से संपर्क किया था तथा स्वयं को नागपुर और दिल्ली की निवासी तथा भाजपा और आरएसएस की पदाधिकारी बताया था। उसने यह भी जानकारी दी थी कि उसकी पहचान केंद्रीय मंत्रियों और छत्तीसगढ़ के मंत्रिमंडल के सदस्यों से है।

अध्यक्ष बनाने की एवज में 3 करोड़ रुपये मांगे

कटारिया की शिकायत के अनुसार काजल ने उन्हें (कटारिया को) छत्तीसगढ़ सरकार में खनिज निगम का अध्यक्ष बनाने का प्रलोभन दिया और इसके एवज में तीन करोड़ रुपये की मांग की। तब कटारिया ने कहा कि वह इतनी बड़ी रकम का इंतजाम नहीं कर सकते हैं तथा पिछले वर्ष 20 अगस्त को पहली किस्त के रूप में 20 लाख रुपये काजल को दिए। पुलिस के मुताबिक, बाद में कटारिया ने 26 सितंबर 2024 को एक लाख 30 हजार रुपये काजल द्वारा भेजे गए क्यूआर कोड के जरिए खाते में भेजे। अधिकारियों ने बताया कि इसके बाद कटारिया ने अक्टूबर-2024 में रायपुर स्थित एक होटल में काजल और राजीव को 20 लाख रुपये नकद दिए और इस तरह कुल 41 लाख 30 हजार रुपये दिए गए।

काजल जोशी नाम की कोई भाजपा कार्यकर्ता है ही नहीं 

शिकायत में कहा गया है कि जब कटारिया ने देखा कि छत्तीसगढ़ निगम मंडलों की नियुक्ति आदेश में उनका नाम नहीं है तब उन्होंने काजल से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन काजल ने उनका फोन नहीं उठाया। जब उन्होंने भाजपा के अपने मित्रों से संपर्क किया तो जानकारी मिली कि काजल जोशी नाम की कोई भाजपा कार्यकर्ता ही नहीं है। इसके बाद कटारिया ने पुलिस से काजल जोशी उर्फ कोमल इंगुले और राजीव सोनी के खिलाफ कार्रवाई कर रकम वापस दिलाने का अनुरोध किया है। (भाषा इनपुट्स के साथ)





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *