
आवारा कुत्तों पर सोशल मीडिया में आ रहे खूब रिएक्शंस
नई दिल्ली: दिल्ली-NCR में आवारा कुत्तों को सड़कों से हटाने को लेकर सुप्रीम कोर्ट के हालिया फैसले पर काफी चर्चा हो रही है। सोशल मीडिया पर भी इसको लेकर खूब रिएक्शन आ रहे हैं। इसमें एक पक्ष डॉग्स लवर्स का है, जो इस फैसले पर चिंता जाहिर कर रहे हैं। डॉग्स लवर्स का कहना है कि इस फैसले से समस्या का स्थायी समाधान नहीं होगा। वहीं दूसरा पक्ष समाज के उस धड़े का है, जो इस फैसले का स्वागत कर रहा है।
सुप्रीम कोर्ट ने क्या फैसला सुनाया है?
दरअसल सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली-एनसीआर में सड़कों से आवारा कुत्तों को हटाकर एनिमल शेल्टर्स में रखने का फैसला सुनाया है। इसके अलावा सुप्रीम कोर्ट ने डॉग बाइट और रेबीज की बढ़ती घटनाओं पर चिंता जाहिर की है और अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वह इस मामले पर काम शुरू कर दें। अधिकारियों को कुत्तों को पकड़ने के लिए विशेष बल बनाने की भी अनुमति दी गई है। कोर्ट का निर्देश है कि अगर कोई व्यक्ति या संगठन कार्रवाई में बाधा डालता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई होगी। यह आदेश व्यापक जनहित को ध्यान में रखते हुए दिया गया है।
सोशल मीडिया पर क्या रिएक्शन आ रहे हैं?
राहुल गांधी ने कहा- “ये बेजुबान आत्माएं कोई समस्या नहीं हैं”
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी इस मुद्दे पर बयान दिया है। उन्होंने एक्स पर पोस्ट कर कहा, “दिल्ली-एनसीआर से सभी आवारा कुत्तों को हटाने का सुप्रीम कोर्ट का निर्देश दशकों से चली आ रही मानवीय और विज्ञान-समर्थित नीति से एक कदम पीछे है। ये बेज़ुबान आत्माएं कोई “समस्या” नहीं हैं जिन्हें मिटाया जा सके। शेल्टर्स, नसबंदी, टीकाकरण और सामुदायिक देखभाल सड़कों को बिना किसी क्रूरता के सुरक्षित रख सकते हैं। कुत्तों को पूरी तरह से हटाना, अदूरदर्शी है और हमारी करुणा को खत्म करता है। हम यह सुनिश्चित कर सकते हैं कि जन सुरक्षा और पशु कल्याण साथ-साथ चलें।”
प्रियंका गांधी बोलीं- “वे इस तरह की क्रूरता के लायक नहीं हैं”
कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने एक्स पर पोस्ट कर कहा, “शहर के सभी आवारा कुत्तों को कुछ ही हफ़्तों में आश्रय गृहों में भेजने का नतीजा उनके साथ बेहद अमानवीय व्यवहार होगा। उन्हें रखने के लिए पर्याप्त आश्रय गृह भी मौजूद नहीं हैं। शहरी परिवेश में जानवरों के साथ दुर्व्यवहार और क्रूरता होती है। निश्चित रूप से इस स्थिति से निपटने का एक बेहतर तरीका है और एक मानवीय तरीका खोजा जा सकता है जिससे इन मासूम जानवरों की देखभाल की जा सके और उन्हें सुरक्षित भी रखा जा सके। कुत्ते सबसे सुंदर और कोमल प्राणी होते हैं, वे इस तरह की क्रूरता के लायक नहीं हैं।”
सुहेल सेठ ने कहा- “पुनर्विचार याचिका दायर करनी ही चाहिए”
बिजनेस कंसल्टेंट सुहेल सेठ ने एक्स पर कहा, “जो देश अपने जानवरों, खासकर कुत्तों, की देखभाल नहीं कर सकता, वह दयालु देश नहीं है। सुप्रीम कोर्ट इस मामले में बहुत गलत है। एक कुत्ता प्रेमी और एक गौरवान्वित भारतीय होने के नाते, यह बात कही। किसी को तो पुनर्विचार याचिका दायर करनी ही चाहिए! जल्द से जल्द…।”
वरुण गांधी ने शेयर किया मां मेनका गांधी का वीडियो, कही ये बात
पूर्व बीजेपी सांसद वरुण गांधी ने अपनी मां मेनका गांधी का वीडियो पोस्ट करते हुए कहा, “आवारा कुत्तों पर सर्वोच्च न्यायालय का स्वतः संज्ञान आदेश क्रूरता का संस्थागतकरण है और एक ऐसे कानूनी ढांचे का अग्रदूत है जो उन लोगों को दंडित करना चाहता है जो अपनी रक्षा स्वयं नहीं कर सकते। आवारा गायों, वंचितों और अनधिकृत बस्तियों तक यह कब तक लागू होगा। जब राष्ट्र सहानुभूति से दूर हटते हैं तो उन्हें गहरे नैतिक संकटों का सामना करना पड़ता है।”
मेनका गांधी का भी सामने आया बयान
दिल्ली-NCR में सभी आवारा कुत्तों को 8 सप्ताह के भीतर आश्रय गृहों में भेजने के सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर पशु अधिकार कार्यकर्ता मेनका गांधी ने कहा, “दिल्ली में कुत्तों के लिए एक भी आश्रय गृह नहीं है। 3 लाख कुत्तों को कहां डालेंगे? पहले 3000 पाउंड बनाने पड़ेंगे। एक पाउंड को बनाने में 4-5 करोड़ रुपए लगेंगे। 1.5 लाख लोगों को सफाई के लिए रखना पड़ेगा। इनका खाना बनाने के लिए किसी को लगाना होगा। क्या आप हर हफ्ते 5 करोड़ रुपए खर्च करने के लिए तैयार हैं? ये नामुमकिन है…”
स्ट्रीट डॉग्स पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले को लेकर मेनका गांधी ने कहा, “फैसले पर पुनर्विचार की जरूरत है।”
एक्स यूजर रंजीत सिंह ने कही ये बात
एक्स यूजर रंजीत सिंह ने कहा, “हे कालभैरव हम इंसानों से इनकी रक्षा करें, हे पशुपति हम इंसानों से इनकी रक्षा करें।”
Pet Adoption Bangalore ने कहा- भारत एकजुट होकर लड़ रहा
Pet Adoption Bangalore ने एक्स पर पोस्ट किया, “भारतीय कुत्तों के लिए भारत एकजुट होकर लड़ रहा है!!”
Krispy ने की ये पोस्ट
Krispy ने एक्स पर पोस्ट किया, “एक जो विशेषाधिकारों के साथ बढ़ता है और दूसरा जो जीवित रहने के लिए बढ़ता है, वे दुनिया को देखने के लिए कभी भी एक ही लेंस नहीं रख सकते।”
Ishita Roy ने कही ये बात
Ishita Roy ने एक्स पर पोस्ट किया, “अगर आप दिल्ली-एनसीआर के निवासी हैं और अगर आप इसके प्रशंसक हैं, तो कृपया एक कुत्ता गोद लें, प्लीज। अगर आप जल्द ही कोई कुत्ता पालने की सोच रहे हैं, तो किसी कुत्ते को सड़क से गोद लें। मैंने भी ऐसा किया है और मुझे लगता है कि इससे आपकी जिंदगी हमेशा के लिए बदल जाएगी। उन्हें आश्रय गृहों में मरने न दें।”
