पराग त्यागी से कभी जुदा नहीं होंगी शेफाली, एक्टर के इस कदम से मौत के बाद भी सीने से लिपटी रहेंगी कांटा लगा गर्ल


Shefali Jariwala- India TV Hindi
Image Source : INSTAGRAM/@PARAGTYAGI
पराग त्यागी ने शेफाली की याद में कराया टैटू।

शेफाली जरीवाला के अचानक निधन ने हर किसी को हैरान कर दिया। अभिनेत्री ने 42 साल की उम्र में 27 जून को इस दुनिया को अलविदा कह दिया। शेफाली के यूं अचानक जाने से उनके पति पराग त्यागी उनकी मौत के गम में डूबे हैं। पराग अक्सर अपनी दिवंगत पत्नी की याद में कुछ न कुछ करते रहते हैं। पिछले दिनों ही उन्होंने शेफाली की याद में शेफाली जरीवाला राइज फाउंडेशन फॉर गर्ल्स एजुकेशन एंड विमन एम्पावरमेंट नाम के फाउंडेशन की शुरुआत की थी और अब उन्होंने अपनी परी की याद में एक और कदम उठाया है, जिसके हर तरफ चर्चे हो रहे हैं। पराग त्यागी ने शेफाली को हमेशा अपने सीने से लगाए रखने के लिए उनकी तस्वीर अपने सीने पर गुदवा ली है।

पराग त्यागी ने कराया शेफाली की तस्वीर का टैटू

हाल ही में पराग त्यागी का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें एक्टर को अपने सीने पर टैटू करवाते देखा जा सकता है। मशहूर टैटू डिजाइनर ने पराग का ये वीडियो शेयर किया है, जिसमें वह एक्टर के सीने पर शेफाली की तस्वीर छापते नजर आ रहे हैं। पराग ने ये तस्वीर फ्रेम कराकर अपने घर में भी लगाई है और अब उन्होंने इसे अपनी छाती पर भी गुदवा लिया है। इस वीडियो के सामने आने के बाद पराग त्यागी और शेफाली जरीवाला के फैंस भावुक हो गए हैं। कई ने कमेंट करते हुए एक्टर के लिए दुआएं कीं और कई ने प्रार्थना की कि शेफाली की आत्मा को शांति मिले।

शेफाली की याद में शुरू किया पॉडकास्ट

इससे पहले पराग त्यागी ने शेफाली की याद में पॉडकास्ट शुरू करने की भी जानकारी दी थी। उन्होंने अपनी और शेफाली की वेडिंग एनिवर्सरी पर एक वीडियो शेयर किया और बताया कि उन्होंने शेफाली की याद में यूट्यूब चैनल शुरू किया है, जिसका नाम सिम्बा शेफाली पराग त्यागी रखा है। पराग और शेफाली 2010 से साथ थे और 2014 में दोनों ने शादी की थी। इस पॉडकास्ट की बात करें तो वह इसमें शेफाली के बारे में और 27 जून की रात आखिर क्या हुआ, ये बताते भी दिखाई देंगे। बता दें, 27 जून को ही शेफाली जरीवाला का निधन हो गया था।

पराग त्यागी को आती है शेफाली की याद

पराग त्यागी ने बताया कि इस पॉडकास्ट से जो भी रेवेन्यू आएगा, उसे वह फाउंडेशन में इस्तेमाल करेंगे। पराग आए दिन शेफाली की याद में भावुक पोस्ट शेयर करते रहते हैं। वहीं कुछ वीडियोज में सिम्बा भी मायूस दिखाई दिया। जिन लोगों को नहीं पता उन्हें बता दें कि शेफाली और पराग के पास सिम्बा नाम का एक पालतू कुत्ता है जो उनके बेहद करीब है। पराग अक्सर शेफाली के बारे में खुलकर बात करते नजर आ चुके हैं और बता चुके हैं कि कैसे वह पहली ही नजर में शेफाली पर दिल हार बैठे थे। शादी के बाद शेफाली ने एक बच्चा गोद लेने की अपनी इच्छा जाहिर की थी, लेकिन दोनों कोई बच्चा गोद नहीं ले सके। शेफाली जरीवाला को कांटा लगा गर्ल के नाम से जाना जाता था।





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *