
अंडरवर्ल्ड डॉन अरुण गवली को मिली जमानत।
अंडरवर्ल्ड डॉन अरुण गवली की जमानत सुप्रीम कोर्ट ने मंजूर कर ली है। इसके बाद करीब 18 साल बाद अंडरवर्ल्ड डॉन अरुण गवली जेल से बाहर आएगा। आपको बता दें कि अरुण गवली मुंबई के शिवसेना पार्षद कमलाकर जामसांडेकर की हत्या के मामले में जेल में बंद था। वह नागपुर सेंट्रल जेल में उम्रकैद की सजा काट रहा था।
कब जेल से बाहर आएगा गवली?
अरुण गवली के वकील मीर नगमान अली ने बताया कि सुप्रीम कोर्ट ने अरुण गवली को जमानत मंजूर करते हुए कहा है कि, उन्होंने 18 साल की सजा काट ली है और उनकी उम्र 73 साल है। इन दो ग्राउंड पर सुप्रीम कोर्ट ने डॉन अरुण गवली को जमानत देने का आदेश पारित किया है। जानकारी के मुताबिक अरुण गवली अगले एक- दो दिन में नागपुर सेंट्रल जेल से बाहर आएगा। सुप्रीम कोर्ट में डॉन अरुण गवली की ओर से मीर नगमान अली और हाड़कर इन्होंने पैरवी की।
क्या था मामला जिसमे अरुण गवली को हुई थी उम्रकैद?
अरुण गवली 2004 में मुंबई की एक विधानसभा सीट से विधायक भी बना था ,गवली को मुंबई के शिवसेना पार्षद कमलाकर जमसांदेकर की 2007 में हुई हत्या के मामले में मुंबई सत्र न्यायालय ने वर्ष 2012 को उम्रकैद की सजा सुनाई थी, बाद में उसे नागपुर की जेल भेजा गया।
