
रेप के बाद हत्या का आरोप।
साहिबगंज: झारखंड के साहिबगंज जिले में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां 50 वर्षीय एक महिला का शव क्षत-विक्षत हालत में मिला है। ऐसा माना जा रहा है कि उसके साथ कथित बलात्कार के बाद उसकी हत्या कर दी गई थी। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने रविवार को शव बरामद होने के बारे में जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि मृतका के बेटे ने बरहेट पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के मुताबिक उसकी मां के साथ बलात्कार किया गया और फिर गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी गई। फिलहाल शिकायत के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
एक आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार
अधिकारी के मुताबिक, पीड़िता विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूह (पीवीटीजी) से ताल्लुक रखती थी। जानकारी के मुताबिक पीड़िता गुरुवार से ही लापता थी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शनिवार को एक सुनसान जगह पर ग्रामीणों ने उसका शव बरामद किया। बरहेट पुलिस थाने के प्रभारी पवन कुमार ने जानकारी देते हुए बताया, “शव बरामद होने के बाद, पीड़िता के बेटे ने रविवार को शिकायत दर्ज कराई। उसने शिकायत में कहा कि उसकी मां के साथ बलात्कार किया गया और फिर गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी गई। वहीं बेटे के द्वारा शिकायत प्राप्त होने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।”
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के लिए भेजा गया शव
थाना प्रभारी पवन कुमार के अनुसार, शव को पोस्टमार्टम के लिए दुमका सदर अस्पताल ले जाया गया है। उन्होंने कहा कि प्रथम दृष्टया यह हत्या का मामला प्रतीत होता है, यौन उत्पीड़न का नहीं, लेकिन इसकी पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही की जा सकती है। उन्होंने बताया, “शुरुआती जांच से पता चला है कि आरोपी ने दो महिलाओं के साथ एक जगह पर कथित तौर पर देसी शराब पी थी। गुरुवार शाम को घर लौटते समय उनके बीच झगड़ा हो गया, जिसके बाद आरोपी ने उनमें से महिला की गला घोंटकर हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया।” (इनपुट- पीटीआई)
