
रॉस टेलर
न्यूजीलैंड के पूर्व कप्तान रॉस टेलर 41 साल की उम्र में एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी करने जा रहे हैं। इस बार वे समोआ की ओर से मैदान में उतरेंगे। टेलर समोआ की टीम का हिस्सा बनकर एशिया-ईस्ट एशिया पैसिफिक T20 वर्ल्ड कप 2026 क्वालिफायर में खेलेंगे, जो अक्टूबर में ओमान में आयोजित होगा। यहां अच्छा प्रदर्शन करने पर समोआ की टीम भारत और श्रीलंका में अगले साल होने वाले ICC T20 वर्ल्ड कप 2026 में जगह बना सकती है।
दरअसल, टेलर के पास उनकी मां की ओर से समोआ का पासपोर्ट है और न्यूजीलैंड के लिए अंतिम मैच (अप्रैल 2022) खेलने के बाद तीन साल का कूलिंग-ऑफ पीरियड पूरा होने पर वे इस टीम के लिए खेलने के पात्र हो गए हैं।
कहां स्थित है समोआ?
समोआ एक द्वीपीय देश है जो पॉलीनेशिया (ओशिनिया) क्षेत्र में दक्षिण प्रशांत महासागर में स्थित है। यह अमेरिकन समोआ से 64 किमी पश्चिम, टोंगा से 889 किमी उत्तर-पूर्व और वालिस और फुटुना से 483 किमी पूर्व में स्थित है। समोआ एक संसदीय लोकतांत्रिक व्यवस्था वाला देश है और 1984 में पहली बार ओलंपिक खेलों में हिस्सा लिया था। ICC ने अप्रैल 2018 में फैसला किया था कि उसके सभी 104 सदस्य देशों को T20I स्टेट्स मिलेगा। इसी के बाद 1 जनवरी 2019 से समोआ की टीम ने T20I क्रिकेट खेलना शुरू किया। आपको जानकर हैरानी होगी कि 2024 के अनुसार समोआ की आबादी महज 2 लाख 18 हजार है।
मेन्स टीम का रिकॉर्ड
अब तक समोआ की पुरुष क्रिकेट टीम ने 25 T20I मुकाबले खेले हैं। इनमें से 6 में जीत और 19 में हार मिली है। वानुअतु के खिलाफ उनका सबसे अच्छा रिकॉर्ड रहा है। हालांकि, वे अभी तक हांगकांग, मलेशिया, पापुआ न्यू गिनी और सिंगापुर को हराने में नाकाम रहे हैं।
महिला टीम का प्रदर्शन
दिलचस्प बात यह है कि समोआ की महिला टीम ने पुरुष टीम से ज्यादा T20I मैच खेले हैं। उन्होंने अब तक 42 मुकाबले खेले, जिनमें से 20 जीते और 20 हारे, जबकि 2 मैच बेनतीजा रहे। फिजी के खिलाफ उनका सबसे अच्छा रिकॉर्ड है, जहां उन्होंने 10 में से 7 मैच जीते हैं।
इस साल समोआ की अंडर-19 महिला टीम ने भी T20 वर्ल्ड कप खेला और साउथ अफ्रीका, न्यूज़ीलैंड तथा पाकिस्तान जैसी मजबूत टीमों का सामना किया। भले ही जीत हासिल नहीं हो सकी, लेकिन युवा खिलाड़ियों को बड़ा अनुभव मिला।
रॉस टेलर की अहम होगी भूमिका
समोआ की पुरुष टीम 8 से 17 अक्टूबर तक ईस्ट एशिया पैसिफिक क्वालिफायर में उतरेगी। इस टूर्नामेंट से तीन टीमें अगले साल के मुख्य वर्ल्ड कप के लिए क्वालीफाई करेंगी। रॉस टेलर का अनुभव निश्चित तौर पर टीम के लिए मददगार साबित होगा।
समोआ टीम की स्क्वॉड: केलब जस्मत (कप्तान), रॉस टेलर, डेरियस विसर, शॉन सोलिया, डेनियल बर्गेस, डगलस फिनाउ, सैम फ्रेंच, कर्टिस हाइनम-नाइबर्ग, बेन मैलाटा, नोआ मीड, सोलोमन नैश, सैमसन सोला, फेरेटी सुलुलोटो, साउमानी टियाई, इली तुगागा।
