
स्मार्ट होम, स्मार्ट खतरे
आज के स्मार्ट होम केवल वॉइस असिस्टेंट तक ही सीमित नहीं हैं। स्मार्टफोन, स्मार्ट टीवी, स्मार्ट कैमरा, स्मार्ट लाइट, स्मार्ट फैन से लेकर किचन के अप्लायंसेज तक स्मार्ट हो गए हैं। अब रेफ्रिजरेटर खुद ग्रोसरी स्कैन करके रेसिपी का सुझाव दे सकते हैं। आपके घर में लगा AC आपकी दिनचर्या के हिसाब से कूलिंग को एडजस्ट करते हैं और रोबोटिक वैक्यूम क्लीनर आपके घर का नक्शा बनाकर सफाई कर लेते हैं। यह सब इंटरनेट ऑफ थिंग्स यानी IoT टेक्नॉलजी की वजह से संभव होता है, जहाँ सेंसर और इंटरनेट कनेक्टिविटी हर उपकरण को डेटा इकट्ठा करने और क्लाउड के जरिये शेयर करने आसान बनाती है।
हालांकि, यही सुविधा बड़े साइबर खतरे का डर भी पैदा करती है। उदाहरण के लिए, अगर आपके घर में लगा स्मार्ट फ्रिज हैक हो जाए तो वह आपके ई-मेल या कैलेंडर के डेटा को एक्सपोज कर सकता है। रोबोटिक वैक्यूम क्लीनर, जिनमें कैमरा और LIDAR सेंसर लगे होते हैं, हैक होने पर घर की तस्वीरें बाहर भेजी जा सकती है।
आपके घर में लगा स्मार्ट टीवी भी सुरक्षित नहीं, कई बार उनमें लगे माइक और लॉग-इन अकाउंट्स तक हैकर्स की पहुंच हो सकती है। इसका उदाहरण, 2016 में लाखों असुरक्षित IoT डिवाइस का इस्तेमाल “मिराई बॉटनेट अटैक” था, जिससे पूरी दुनिया की इंटरनेट सेवाएँ प्रभावित हुई थी।

स्मार्ट होम
क्या कहते हैं एक्सपर्ट?
इस बड़े खतरे से बचने के लिए कुछ जरूरी कदम उठाना आवश्यक है। साइबरपीस के ग्लोबल फाउंडर और वाइस प्रेसिडेंट विनीत कुमार ने हमें इस अंजान खतरे के बारे में कई सुझाव दिए। साथ ही, यूजर्स को इससे निपटने के लिए क्या करना होगा ये भी बताया। एक्सपर्ट का कहना है कि सबसे पहले, हमेशा डिफॉल्ट पासवर्ड बदलकर मजबूत और यूनिक पासवर्ड रखें। कुछ स्मार्ट डिवाइस बनाने वाले ब्रांड अब रेगुलर फर्मवेयर अपडेट भेजते हैं, इन्हें समय पर इंस्टॉल करें।
वाई-फाई राउटर में IoT उपकरणों के लिए अलग “गेस्ट नेटवर्क” बनाएं, ताकि वे आपके लैपटॉप या फोन की निजी फाइलों तक न पहुँच सके। जिन फीचर्स का इस्तेमाल न हो, जैसे स्मार्ट ओवन का रिमोट एक्सेस या फ्रिज का वॉयस कंट्रोल, उन्हें बंद रखें।
सबसे अहम, नया उपकरण खरीदते समय ये जरूर देखें कि कंपनी नियमित सिक्योरिटी पैच देने का वादा करती है या नहीं? स्मार्ट डिवाइसेज हमारे जीवन को आसान तो बना रहे हैं, लेकिन खतरे भी उतने ही तेजी से बढ़ रहे हैं। अगर आप थोड़ी साइबर सावधानी बरतेंगे, तो आपका घर स्मार्ट भी रहेगा और सुरक्षित भी।

स्मार्ट होम के खतरे
अपने स्मार्ट होम डिवाइस को सुरक्षित कैसे रखें?
एक्सपर्ट का कहना है कि इसके लिए एक सरल 8-स्टेप सुरक्षा चेकलिस्ट को फॉलो करना होगा, जिनमें पासवर्ड बदलने से लेकर डिवाइस की सिक्योरिटी और रेगुलर अपडेट शामिल हैं।
1. डिफॉल्ट पासवर्ड बदलें
हर डिवाइस के लिए मजबूत और यूनिक पासवर्ड बनाएं।
“admin” या “123456” जैसे पासवर्ड का इस्तेमाल न करें।
2. टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन (2FA) चालू करें
जहाँ संभव हो SMS या ऑथेंटिकेटर ऐप का इस्तेमाल करें।
3. सॉफ्टवेयर/फर्मवेयर अपडेट रखें
डिवाइस की ऐप में जाकर नियमित रूप से अपडेट चेक करें और इंस्टॉल करें।
4. IoT डिवाइसेज के लिए अलग वाई-फाई नेटवर्क बनाएं
“गेस्ट” या “IoT” नाम से अलग नेटवर्क बनाएं ताकि आपका मुख्य फोन/लैपटॉप नेटवर्क सुरक्षित रहे।
5. उपयोग न होने वाली सुविधाएं बंद करें
यदि जरूरत न हो तो रिमोट एक्सेस, माइक्रोफोन या कैमरा बंद कर दें।
6. अपने राउटर को सुरक्षित बनाएं
राउटर का डिफॉल्ट पासवर्ड बदलें और WPA3 या WPA2 एन्क्रिप्शन चालू करें।
WPS (Wi-Fi Protected Setup) बंद कर दें।
7. डिवाइस की गतिविधि पर नजर रखें
अपने राउटर ऐप में जाकर देखें कि कोई अनजान डिवाइस तो आपके नेटवर्क से जुड़ा नहीं है।
8. भरोसेमंद ब्रांड्स के डिवाइस खरीदें
ऐसे प्रसिद्ध ब्रांड्स के प्रोडक्ट लें जो नियमित सुरक्षा अपडेट दें और जिनकी प्राइवेसी पॉलिसी अच्छी हो।
यह भी पढ़ें –
iPhone 17 को जाएंगे भूल, Xiaomi ला रहा तगड़ा फोन, 30 सितंबर को होगा लॉन्च
