मध्य प्रदेश: जहरीले कफ सिरप के चलते छिंदवाड़ा में एक और मासूम बच्ची की मौत, कुल मृतकों की संख्या 11 पहुंची


Cough Syrup- India TV Hindi
Image Source : FREEPIK/REPRESENTATIVE PIC
जहरीले कफ सिरप के चलते एक और बच्ची की मौत

छिंदवाड़ा: मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां जहरीले कफ सिरप के चलते एक और बच्ची की मौत हुई है। मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा में कॉल्ड्रिफ कफ सिरप के चलते होने वाली मौतों की संख्या अब 11 पहुंच गई है।

मृत बच्ची नागपुर में बीते सप्ताह से भर्ती थी। उसकी किडनी फेल होने की वजह से उसकी मौत हो गई। बच्ची की पहचान परासिया क्षेत्र के बढ़कुही निवासी योगिता ठाकरे के रूप में हुई है।

सिरप की बिक्री को पूरे मध्यप्रदेश में बैन किया गया

जहरीले सिरप की वजह से हो रही मौतों को ध्यान में रखते हुए मध्य प्रदेश की मोहन यादव सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। सीएम ने इस कफ सिरप की बिक्री को पूरे मध्य प्रदेश में बैन कर दिया है। मोहन यादव ने एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा, “छिंदवाड़ा में कॉल्ड्रिफ सिरप के कारण हुई बच्चों की मृत्यु अत्यंत दुखद है। इस सिरप की बिक्री को पूरे मध्यप्रदेश में बैन कर दिया है। सिरप को बनाने वाली कंपनी के अन्य प्रोडक्ट की बिक्री पर भी बैन लगाया जा रहा है। सिरप बनाने वाली फैक्ट्री कांचीपुरम में है, इसलिए घटना के संज्ञान में आने के बाद राज्य सरकार ने तमिलनाडु सरकार को जांच के लिए कहा था। आज सुबह जांच रिपोर्ट प्राप्त हुई। रिपोर्ट के आधार पर कड़ा एक्शन लिया गया है। बच्चों की दुखद मृत्यु के बाद स्थानीय स्तर पर कार्रवाई चल रही थी। राज्य स्तर पर भी इस मामले में जांच के लिए टीम बनाई गई है। दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।”

अब तक 11 बच्चों की हो चुकी है मौत

इस एक कफ सिरप की वजह से मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा अब तक 11 बच्चों की मौत हो चुकी है। छिंदवाड़ा में 4 सितंबर से शुरू हुआ मासूम बच्चों की मौत का सिलसिला 4 अक्टूबर तक नहीं थमा है। इस मामले के सामने आने के बाद मध्य प्रदेश समेत पूरे देश में हड़कंप मच गया है। जिन बच्चों की मौत हुई, उनके परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सबसे बड़ा सवाल है कि इस जहरीले कफ सिरप के बारे में इतनी देरी से क्यों पता लगा, इसने पहले भी ना जाने कितने लोगों को अपना शिकार बनाया होगा।





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *