
CM नीतीश का अनोखा अंदाज।
बिहार में विधानसभा चुनाव का बिगुल बज चुका है। राज्य के सभी राजनीतिक दल चुनाव प्रचार में लगे हुए हैं और रैलियां कर रहे हैं। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी मंगलवार को चुनाव प्रचार का आगाज कर दिया है। रैलियों में सीएम नीतीश का अनोखा अंदाज भी देखने को मिल रहा है। बुधवार को भी सीएम नीतीश ने बिहार के गोपालगंज में रैली की और यहां उन्होंने कुछ ऐसा किया जो कि चर्चा का विषय बन गया है। सीएम नीतीश ने गोपालगंज की रैली के दौरान वहां मौजूद शिक्षा मंत्री सुनील कुमार से कहा- ‘ए खड़ा होइए…सब के घर पर सोलर पैनल लगवा दीजिएगा।’ इस पूरे वाकये का वीडियो भी वायरल हो रहा है।
नीतीश ने महिला कैंडिडेट को पहनाई थी माला
सीएम नीतीश ने मंगलवार को मुजफ्फरपुर जिले से अपने प्रचार अभियान की औपचारिक शुरुआत की थी। NDA प्रत्याशियों के समर्थन में सभा के दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बीजेपी प्रत्याशी रमा निषाद को मंच पर बुलाकर गले में माला पहना दी, जो महिलाओं को सम्मानित करने की परंपरा के विपरीत रही है।
कितनी सीटों पर चुनाव लड़ रही जदयू?
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के लिए एनडीए के घटक दलों के बीच सीट बंटवारे पर सहमति बन गई है। राज्य की 243 सीटों में से नीतीश कुमार की जेडी(यू) और भाजपा 101-101 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। चिराग पासवान की लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) 29 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। वहीं, जीतन राम मांझी की अगुवाई वाली हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा और राज्यसभा सांसद उपेंद्र कुशवाहा की राष्ट्रीय लोक मोर्चा 6-6 सीटों पर चुनाव लड़ेंगी।
बिहार में कब है चुनाव?
चुनाव आयोग की ओर से बीते 6 अक्तूबर को बिहार विधानसभा चुनाव का शेड्यूल जारी कर दिया गया था। जारी किए गए शेड्यूल के मुताबिक, बिहार में 243 विधानसभा सीटों के लिए मतदान दो चरणों में 6 और 11 नवंबर को होंगे। पहले चरण में 121 सीटों पर और दूसरे चरण में 122 सीटों पर वोटिंग होगी। चुनाव का परिणाम 14 नवंबर को सामने आएगा।
ये भी पढ़ें- नीतीश कुमार ने बीजेपी की महिला कैंडिडेट को पहनाई माला, रोकने पर भड़क गए; आप भी देखिए VIDEO
