दिल्ली: आनंद विहार स्टेशन के पास खड़ी कार में मिला बिहार के 28 साल के युवक का शव, मचा हड़कंप


Delhi- India TV Hindi
Image Source : PTI/REPRESENTATIVE PIC
कार में मिला शव

नई दिल्ली: दिल्ली के आनंद विहार स्टेशन के पास खड़ी कार में बिहार के एक 28 साल के युवक का शव मिला है। इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया है। मिली जानकारी के मुताबिक, ये कार रेलवे इंजीनियर की है। 

क्या है पूरा मामला?

आनंद विहार स्टेशन के पास एक रेलवे इंजीनियर की कार की पिछली सीट पर 28 वर्षीय एक व्यक्ति का शव मिला। पुलिस के मुताबिक, ये युवक बिहार का निवासी है और उसकी मौत कार में बंद होने के बाद दम घुटने से हुई। 

पुलिस ने बताया कि उन्हें 31 अक्टूबर की शाम करीब 7:30 बजे खड़ी कार में शव मिलने की सूचना मिली और एक टीम मौके पर पहुंची। एक पुलिस अधिकारी ने बताया, “मृतक की पहचान बिहार के पूर्णिया निवासी जावेद के रूप में हुई है। उसका सामान, एक बैग, मोबाइल फोन और कपड़े, उसके पास से मिले। उसके शरीर पर किसी चोट के निशान नहीं थे।”

सीसीटीवी से सामने आई चौंकाने वाली बात

पुलिस ने बताया, “सीसीटीवी फुटेज से पता चला है कि उसी दिन सुबह करीब 10:49 बजे, सीनियर सेक्शन इंजीनियर (इलेक्ट्रिकल) गुरु प्रताप अपनी कार पार्क करके बिना लॉक किए अपने ऑफिस चले गए। सुबह करीब 11:22 बजे, पेशे से राजमिस्त्री जावेद, जो बिहार जाने के लिए आनंद विहार रेलवे स्टेशन पर था, कार में घुसा और उसकी पिछली सीट पर बैठ गया।”

उन्होंने आगे कहा, “दोपहर करीब 1:50 बजे, इंजीनियर का एक कर्मचारी कार से लंचबॉक्स लेने आया और अनजाने में उसे लॉक कर दिया, उसे पता ही नहीं चला कि जावेद अंदर है। फुटेज में जावेद दोपहर 1:54 से 3:13 बजे के बीच बेचैनी से हिलता-डुलता दिखाई दे रहा था, और दरवाजा खोलने की कोशिश कर रहा था।”

शाम करीब 5:34 बजे, जब गुरु प्रताप अपनी कार में वापस लौटे, तो उन्होंने जावेद को पिछली सीट पर बेसुध पड़ा पाया और अधिकारियों को सूचित किया। पुलिस ने कहा कि जीटीबी अस्पताल में पोस्टमार्टम से पता चला है कि मौत दम घुटने से हुई है और आगे की जांच जारी है। (इनपुट: PTI)





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *