
अनुनय सूद।
दुबई के मशहूर ट्रैवल इन्फ्लुएंसर और फोटोग्राफर अनुनय सूद के निधन की खबर ने उनके लाखों प्रशंसकों को गहरे सदमे में डाल दिया। मात्र 32 साल की उम्र में दुनिया को अलविदा कहने वाले अनुनय भारत के सबसे प्रसिद्ध ट्रैवल कंटेंट क्रिएटर्स में से एक थे। उनके इंस्टाग्राम पर करीब 14 लाख फॉलोअर्स और यूट्यूब चैनल पर 3.8 लाख सब्सक्राइबर्स थे। उनके खूबसूरत ट्रैवल शॉट्स और कहानी कहने की शैली ने लाखों लोगों को दुनिया घूमने के लिए प्रेरित किया था। अब उनकी मौत ने लोगों को इस कदर हैरान किया है कि वो बार मौत की वजह पूछ रहे हैं।
परिवार ने की आधिकारिक पुष्टि
अनुनय के परिवार ने उनके आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट से एक भावनात्मक बयान जारी कर उनके निधन की पुष्टि की। पोस्ट में लिखा गया, ‘बेहद दुख के साथ हमें अपने प्रिय अनुनय सूद के निधन की खबर साझा करनी पड़ रही है। इस कठिन समय में हम सभी से विनम्र निवेदन है कि हमारी निजता का सम्मान करें और किसी भी तरह की भीड़भाड़ से बचें। कृपया अनुनय के परिवार और प्रियजनों को अपनी प्रार्थनाओं में याद रखें। उनकी आत्मा को शांति मिले। अनुनय सूद के परिवार और मित्र।’
यहां देखें पोस्ट
उनकी मौत का रहस्य
अनुनय सूद की मौत का कारण अब तक स्पष्ट नहीं हुआ है। बताया जा रहा है कि उनका निधन लास वेगास में हुआ, लेकिन सटीक परिस्थितियों के बारे में परिवार ने कोई विवरण साझा नहीं किया है। सोशल मीडिया पर उनके प्रशंसक लगातार श्रद्धांजलि दे रहे हैं और उनके असमय निधन पर शोक व्यक्त कर रहे हैं। कई फैंस जानने के लिए उत्सुक हैं कि आखिर उनकी मौत कैसे हुई।
क्या था आखिरी पोस्ट
अनुनय का आखिरी इंस्टाग्राम पोस्ट उनके जीवन के जुनून यात्रा और रोमांच को दर्शाता है। मौत से एक दिन पहले उन्होंने लास वेगास की चमकदार रोशनियों और तेज रफ्तार कारों से भरी एक रील साझा की थी। इसके कैप्शन में उन्होंने लिखा था, ‘मुझे अभी भी यकीन नहीं हो रहा है कि मैंने वीकेंड दिग्गजों और सपनों की मशीनों के बीच बिताया।’ यह पोस्ट अब उनकी यादों की आखिरी निशानी बन गया है। उनका हालिया यूट्यूब वीडियो भी उनके अनूठे अंदाज को दर्शाता है। 3 नवंबर 2025 को उन्होंने एक व्लॉग अपलोड किया था, ‘स्विट्जरलैंड के छिपे हुए पहलू की खोज | ऐसी जगहें जहाँ पर्यटक कभी नहीं जाते।’ इसमें उन्होंने स्विट्जरलैंड की अनदेखी सुंदरता को अपने कैमरे में कैद किया था।
करियर और उपलब्धियां
अनुनय सूद ने एक शौक के रूप में ट्रैवल फोटोग्राफी की शुरुआत की थी, जो धीरे-धीरे एक सफल करियर में बदल गई। वे दुबई में रहते थे और वहां से दुनिया के अलग-अलग कोनों की यात्रा कर अपनी कहानियाँ साझा करते थे। उनकी ईमानदार प्रस्तुति, रचनात्मक विजुअल्स और ट्रैवल के प्रति गहरा जुनून उन्हें युवाओं के बीच बेहद लोकप्रिय बनाता था। 2022 से 2024 तक लगातार तीन वर्षों तक उन्हें फोर्ब्स इंडिया टॉप 100 डिजिटल स्टार्स की सूची में शामिल किया गया। फोर्ब्स के अनुसार अनुनय ने अपनी खुद की मार्केटिंग फर्म भी स्थापित की थी और कंटेंट क्रिएशन की दुनिया में एक प्रेरणा बन गए थे।
ये भी पढ़ें: ग्लैमरस मां से ज्यादा हसीन है क्यूट बेटी, कहलाती है बार्बी डॉल, हॉलीवुड सुपरस्टार से हुई तुलना
राहुल गांधी के दावे वाली ब्राजीलियाई मॉडल आई सामने, शॉकिंग था पहला रिएक्शन, बोलीं- मैं तब छोटी थी
