
रिठाला इलाके में लगी आग।
नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के रोहिणी इलाके में शुक्रवार देर रात रिठाला मेट्रो स्टेशन के पास कई झोपड़ियों में भीषण आग लग गई। दिल्ली अग्निशमन सेवा (डीएफएस) ने घटना के बारे में जानकारी दी। डीएफएस ने बताया कि उसे रात करीब 10:56 बजे आग लगने की सूचना मिली, जिसके बाद 29 दमकल गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। इस पूरी घटना में एक बच्चा घायल हो गया है, जिसे अस्पताल पहुंचाया गया। बच्चे का इलाज किया जा रहा है। वहीं कड़ी मशक्कत के बाद दमकल विभाग की टीम ने भी आग पर काबू पा लिया।
दर्जनों झुग्गियों में लगी आग
दरअसल, दिल्ली के रिठाला इलाके में मेट्रो स्टेशन के पीछे बनी झुग्गियों में कल रात भयंकर आग लग गई। देखते ही देखते मैदान में बनी दर्जनों झुग्गियों में आग फैल गई। आग से बंगाली बस्ती की झुग्गियों में रखे रसोई गैस के सिलेंडर में एक-एक करके ब्लास्ट होने लगे, जिससे आग और भी तेजी से फैल गई। आग कितनी विकराल थी, इसका अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि आग बुझाने के लिए दमकल की 29 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
एक बच्चा हुआ घायल
प्रारंभिक जानकारी से पता चलता है कि कई झोपड़ियां जलकर खाक हो गई हैं। इस बीच, पुलिस सूत्रों ने बताया कि कई एलपीजी सिलेंडर फट गए, जिससे आग और भड़क गई और निवासियों में दहशत फैल गई। अग्निशमन अधिकारी एसके दुआ ने कहा, “हमें सूचना मिली कि रिठाला मेट्रो स्टेशन और दिल्ली जल बोर्ड के बीच स्थित बंगाली बस्ती की झोपड़ियों में आग लग गई है। दमकल की गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। कुल 29 दमकल गाड़ियां मौके पर हैं और आग पर अब काबू पा लिया गया है। एक बच्चा घायल बताया गया है, जिसे एम्बुलेंस से अस्पताल भेज दिया गया है। किसी और के हताहत होने की कोई सूचना नहीं है।”
यह भी पढ़ें-
