
तमीम इकबाल
बांग्लादेश के अनुभवी बल्लेबाज तमीम इकबाल ने एक बड़ा फैसला लिया है। उन्होंने बांग्लादेश प्रीमियर लीग के आगामी संस्करण से अपना नाम वापस ले लिया है। वह BPL के आगामी सीजन में खेलते हुए नजर नहीं आएंगे। तमीम इकबाल ने बोर्ड से 23 नवंबर को होने वाली खिलाड़ियों की नीलामी से अपना नाम बाहर रखने का अनुरोध किया है और बोर्ड ने उनके इस अनुरोध को स्वीकार कर लिया है।
बीपीएल के आगामी सीजन में नहीं खेलेंगे तमीम इकबाल
क्रिकबज के हवाले से तमीम इकबाल ने इस खबर की पुष्टि की है। तमीम ने कहा कि हां मैं बीपीएल में हिस्सा नहीं ले रहा हूं क्योंकि मैंने शहरयार नफीस जो बीसीबी क्रिकेट ऑपरेशन मैनेजर हैं उन से खिलाड़ियों के ड्राफ्ट से मेरा नाम हटाने का अनुरोध किया है। आपको बता दें कि 2012 में बीपीएल की शुरुआत के बाद से, तमीम ने टूर्नामेंट के हर संस्करण में हिस्सा लिया है और उन्हें बांग्लादेश प्रीमियर लीग के इतिहास का सबसे सफल बल्लेबाजों में से एक माना जाता है।
तमीम ने फॉर्च्यून बॉरिशल को दिलाए दो खिताब
तमीम इकबाल ने फॉर्च्यून बॉरिशल को लगातार दो खिताब दिलाने में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने कई मौकों पर एक कप्तान और बल्लेबाज दोनों के रूप में टीम के लिए शानदार प्रदर्शन किया। हालांकि, ऐसा पहले से माना जा रहा था कि वह टूर्नामेंट से अपना नाम वापस ले सकते हैं। वह पिछले काफी समय से बीमार थे जिस वजह से उन्हें इस टूर्नामेंट की तैयारी के लिए ज्यादा समय नहीं मिल पाया था।
काफी समय से प्रोफेशनल क्रिकेट से दूर हैं तमीम इकबाल
36 वर्षीय तमीम मार्च 2024 से प्रोफेशनल क्रिकेट से दूर हैं। पिछले साल उन्हें एक घरेलू मैच के दौरान दिल का दौरा पड़ा था और तब से वह अपनी रिकवरी पर ध्यान केंद्रित कर रहे थे। अब वह कब तक मैदान पर वापसी कर पाते हैं ये देखना दिलचस्प होगा। इसके अलावा, वह क्रिकेट प्रशासन में भी शामिल होने के इच्छुक दिखे क्योंकि उन्होंने बीसीबी चुनाव में उतरने का फैसला किया था, लेकिन बाद में चुनावी प्रक्रिया में सरकारी हस्तक्षेप का हवाला देते हुए उन्होंने अपना नाम वापस ले लिया।
यह भी पढ़ें
हो गया बड़ा ऐलान, राहुल द्रविड़ के बाद राजस्थान रॉयल्स ने इस दिग्गज खिलाड़ी को बनाया हेड कोच
टीम इंडिया की बढ़ी मुसीबत, अब कप्तान होंगे बाहर? किसे मिलेंगी एंट्री
