
बैतूल जिला अस्पताल में लगी आग।
बैतूल: इस वक्त की बड़ी खबर मध्य प्रदेश के बैतूल जिले से सामने आ रही है। यहां स्थित जिला अस्पताल में आग लग गई है। फिलहाल अभी तक की जानकारी के मुताबिक मरीजों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया गया है। जानकारी के मुताबिर बैतूल जिला अस्पताल के एक स्टोररूम में रविवार की सुबह आग लग गई। आग की सूचना मिलते ही जिला अस्पताल में हड़कंप मच गया। हालांकि समय रहते जिला अस्पताल के कर्मचारियों ने कुछ ही मिनटों में आग पर काबू पा लिया और एक बड़ा हादसा टल गया। इस दौरान मरीजों को भी सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया।
गोरखपुर में लगी भीषण आग
इससे पहले यूपी के गोरखपुर जिले में गीडा सेक्टर-15 स्थित ‘रूंगटा इंडस्ट्रीज’ में भीषण आग लग गई थी। यहां 25 घंटे तक गहन अभियान चलाने के बाद शनिवार को पूरी तरह काबू पाया गया। अधिकारियों ने बताया कि करीब 100 दमकलकर्मियों ने पूरी रात अथक प्रयास किया, जिसके बाद आग पूरी तरह काबू पा लिया गया है। स्थिति सामान्य होने पर देवरिया, कुशीनगर, महाराजगंज, बस्ती, संत कबीरनगर, सिद्धार्थनगर और गोंडा से आईं दमकल गाड़ियों को वापस भेज दिया गया है। एहतियातन गोरखपुर की दमकल गाड़ियों को अभी भी आरक्षित रखा गया है। शुक्रवार तड़के लगी इस आग ने पूरे औद्योगिक क्षेत्र में दहशत फैला दी थी।
25 घंटे बाद आग पर पाया काबू
मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) संतोष कुमार राय ने बताया कि शनिवार सुबह आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया, लेकिन सुरक्षा के लिहाज से सतर्कता बरती जा रही है। गोरखपुर के जिलाधिकारी (डीएम) दीपक मीणा ने बताया कि आज सुबह स्थिति सामान्य है और पूरी तरह नियंत्रण में है। उन्होंने कहा, “अभी वहां केवल एक-दो दमकल गाड़ियां तैनात हैं। शाम तक स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो जाएगी। दिल्ली से आई तकनीकी टीम की मदद से आग पर काबू पाया गया है।” मीणा ने बताया, “घटना की जांच के लिए एक समिति गठित की गई है; वह अपनी रिपोर्ट पेश करेगी।”
यह भी पढ़ें-
दुकान में खड़े-खड़े शख्स को आया हार्ट अटैक, हुई मौत; सामने आया CCTV फुटेज
दुमका: घर में एक साथ मिला चार लोगों का शव, पत्नी और दो बच्चों की हत्या के बाद शख्स ने किया सुसाइड
