कर्नाटक में जब्त की गई 1143 किलो चंदन की लकड़ी, 3 गाड़ियां भी बरामद, जानें कुल कीमत


Karnataka police, Bengaluru police, sandalwood smuggling, red sandalwood- India TV Hindi
Image Source : PTI REPRESENTATIONAL
लाल चंदन की तस्करी एक बड़ी समस्या है।

बेंगलुरु: कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में पुलिस ने आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु और कर्नाटक में सक्रिय लाल चंदन तस्करी के अंतर्राज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने कुल 1143 किलोग्राम लाल चंदन और 3 लग्जरी गाड़ियां जब्त की हैं, जिनकी कुल कीमत करीब 1 करोड़ रुपए बताई जा रही है। इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि उसके बाकी साथी फरार हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, पूरी कार्रवाई इलेक्ट्रॉनिक सिटी डिवीजन के DCP एम. नारायण (IPS) के मार्गदर्शन में हुई। निगरानी की जिम्मेदारी ACP के. एम. सतीश ने संभाली, जबकि हुलिमावु थानेदार बी. जी. कुमारस्वामी और उनकी टीम ने मौके पर छापेमारी कर कार्रवाई को अंजाम दिया।

20 दिन की पुलिस हिरासत में भेजा गया आरोपी

पुलिस के मुताबिक, मामला 7 नवंबर को उस वक्त शुरू हुआ जब हुलिमावु थाने में एक शख्स भटमिधार ने शिकायत की कि बन्नेरघट्टा मुख्य सड़क पर गोत्तिगेरे झील के पास एक कार गैर-कानूनी तरीके से खड़ी है। शिकायत मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और छापा मारकर एक व्यक्ति को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि वह अवैध रूप से लाल चंदन बेचता है। मौके से पुलिस ने उसके पास से 95 किलो लाल चंदन और एक कार बरामद की। इसके बाद वन अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। आरोपी को 8 नवंबर को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे 20 दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया।

आरोपी की निशानदेही पर कई जगह छापेमारी

लंबी पूछताछ के दौरान आरोपी ने खुलासा किया कि वह और उसके साथी आंध्र प्रदेश के कडपा जिले से सस्ते दामों में लाल चंदन खरीदते थे और तमिलनाडु व कर्नाटक में ऊंचे दामों पर बेचते थे। उसने सप्लायरों के नाम-पते भी बताए। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने कई जगह छापे मारे। इस दौरान कुल 1,143 किलो लाल चंदन और 3 गाड़ियां बरामद हुईं। 26 नवंबर को आरोपी को दोबारा कोर्ट में पेश किया गया और उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। उसके फरार साथियों की तलाश जारी है और जांच चल रही है।

Latest India News





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *