
अररिया में शिक्षिका की हत्या का मामला।
बिहार के अररिया जिले में बुधवार को उत्तर प्रदेश की रहने वाली शिक्षिका शिवानी वर्मा की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। शिवानी वर्मा जब सुबह स्कूटी से स्कूल जा रही थीं उसी समय बदमाशों ने उन्हें गोली मार दी। ये घटना अररिया जिले के नरपतगंज थानाक्षेत्र के खाबदह कन्हैली के पास हुई थी। महिला शिक्षिका की हत्या के बाद काफी हंगामा देखने को मिल रहा था। अब बिहार पुलिस ने शिक्षिका की हत्या के मामले में पूरा खुलासा कर दिया है और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने बताया है कि शिक्षिका की हत्या सुपारी किलिंग में गलत पहचान में की गई है।
पुलिस ने क्या बताया?
अररिया जिले में शिक्षिका शिवानी वर्मा हत्याकांड को लेकर बिहार पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। पुलिस ने बताया है कि सुपारी किलिंग में गलत पहचान में शिक्षिका की हत्या की गयी थी। पुलिस ने घटना में संलिप्त मुख्य साजिशकर्ता महिला सहित 03 अपराधकर्मियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने इस हत्या में प्रयुक्त बाइक व हथियार भी बरामद कर लिया है।
महिला ने दी थी हत्या की सुपारी
पुलिस ने बताया- “दिनांक 03.12.2025 की सुबह अररिया जिले के कन्हैली मध्य विद्यालय में पदस्थापित शिक्षिका शिवानी वर्मा, उम्र 25 वर्ष, पिता लक्ष्मीकांत वर्मा, निवासी पुरे मितई, हैदरगढ़, बाराबंकी (उत्तर प्रदेश) को स्कूल जाने के क्रम में दो अज्ञात बाइक सवार अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी। इस संदर्भ में नरपतगंज थाना कांड संख्या-437/25, दिनांक-03.12.25 दर्ज की गयी। कांड के उद्भेदन हेतु अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, फारबिसगंज के नेतृत्व में एक एसआईटी बनाकर तकनीकी और वैज्ञानिक तरीके से कांड की जांच की गयी। जांच में पता चला कि यह हत्या सुपारी किलिंग का मामला था। फारबिसगंज की हुशनन उर्फ हुश्न आरा ने अपने पति पर एक अन्य महिला शिक्षिका से अवैध संबंध होने के शक में हत्या की साजिश रची थी। हत्या के लिए 3 लाख रुपए में मारूफ और सोहैल को सुपारी दी गई थी।”
टारगेट समझकर गोली मारी
पुलिस ने बताया था कि अपराधियों ने गलत पहचान में शिक्षिका शिवानी वर्मा को टारगेट समझकर गोली मार दी। ऐसा इसलिए हुआ क्योंकि असली महिला शिक्षिका उस दिन अवकाश पर थी और दोनों का रास्ता व स्कूटी एक जैसी थी। पुलिस ने अब तक मारूफ, सोहैल और हुशनन आरा को गिरफ्तार किया है। साथ ही हत्या में प्रयुक्त बाइक और देशी कट्टा भी बरामद कर लिया गया है।
ये भी पढ़ें- बिहार में स्कूल जा रहीं टीचर के माथे में मार दी गोली, हुई मौत; यूपी की रहने वाली थीं शिवानी
विधवा मां के साथ चाचा का था अवैध संबंध, गुस्साए भतीजे ने 14 गोलियां दागकर भूना
