
नितिन नबीन।
पटना: भाजपा ने रविवार को बिहार सरकार में कैबिनेट मंत्री नितिन नबीन को पार्टी का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया। भारतीय जनता पार्टी के संसदीय बोर्ड ने नबीन को इस पद के लिए चुना है। नितिन नबीन को भाजपा का कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किए जाने के बाद से बधाइयों का तांता लगा हुआ है। इसी क्रम में भाजपा के तमाम पदाधिकारियों ने नितिन नबीन को सम्मानित किया गया। इस दौरान बिहार भाजपा अध्यक्ष दिलीप जायसवाल, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा सहित कई बड़े नेता मौजूद रहे। इसके अलावा पीएम मोदी सहित भाजपा के कई बड़े नेताओं ने भी उन्हें सोशल मीडिया पर भी बधाई दी।
क्या बोले नितिन नबीन?
वहीं भाजपा का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त होने पर बिहार के मंत्री नितिन नबीन ने कहा, “केंद्रीय नेतृत्व, प्रधानमंत्री जी, राष्ट्रीय अध्यक्ष जी को बहुत-बहुत अभिनंदन। मुझे यह अवसर देने के लिए मैं केंद्रीय नेतृत्व, प्रधानमंत्री, गृह मंत्री, रक्षा मंत्री और केंद्रीय नेतृत्व में सभी का मैं आभार व्यक्त करता हूं। मुझे प्रधानमंत्री का आशीर्वाद प्राप्त है और मैं उनके द्वारा दिए गए मार्गदर्शन और नेतृत्व को आगे बढ़ाऊंगा।”
PM मोदी ने की नितिन नबीन की तारीफ
नितिन नबीन को बधाई देते हुए पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर पोस्ट किया है। पीएम मोदी ने अपनी पोस्ट में लिखा, ”नितिन नबीन ने एक कर्मठ कार्यकर्ता के रूप में अपनी पहचान बनाई है। वे एक युवा और कर्मठ नेता हैं, जिन्हें काफी संगठनात्मक अनुभव है और बिहार में विधायक और मंत्री के तौर पर उनका कार्यकाल प्रभावशाली रहा है। उन्होंने जनता की उम्मीदों को पूरा करने के लिए बहुत मेहनत की है। वे अपने विनम्र स्वभाव और व्यावहारिक कार्यशैली के लिए जाने जाते हैं। मुझे भरोसा है कि उनकी ऊर्जा और समर्पण आने वाले वक्त में हमारी पार्टी को मजबूती देगा। बीजेपा का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनने पर उन्हें हार्दिक बधाई।”
बन सकते हैं नड्डा के उत्तराधिकारी
कायस्थ समुदाय से संबंध रखने वाले नबीन (45) के मौजूदा भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा के उत्तराधिकारी बनने की संभावना है और पार्टी नेताओं के अनुसार, वह इस पद पर आसीन होने वाले सबसे युवा नेताओं में से एक हैं। नबीन पांच बार के विधायक हैं। वर्तमान में वह बिहार में पथ निर्माण मंत्री और पटना के बांकीपुर से विधायक हैं। वह पहले भी कई बार मंत्री रहे हैं। नड्डा को जनवरी 2020 में भाजपा अध्यक्ष नियुक्त किया गया था और वह अपना पूरा कार्यकाल पूरा कर चुके हैं। नड्डा को 2024 के लोकसभा चुनावों तक पार्टी का नेतृत्व करने के लिए कार्यकाल विस्तार दिया गया था।
यह भी पढ़ें-
बांग्लादेश को भारत का दो टूक जवाब, मोहम्मद यूनुस सरकार के दावों को ऐसे किया खारिज
UP में BJP का नया प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद क्या बोले पंकज चौधरी? सामने आया बयान
