‘अगर मैं जिंदा रहा तो लोकसभा में जरूर लौटूंगा’, बृजभूषण शरण सिंह ने दिया बड़ा बयान


Brij Bhushan Sharan Singh Statement, BJP Leader News, Kaiserganj MP News- India TV Hindi
Image Source : PTI
बीजेपी नेता बृजभूषण शरण सिंह।

गोंडा/नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश के कैसरगंज के पूर्व सांसद और भारतीय जनता पार्टी के दिग्गज नेता बृजभूषण शरण सिंह ने बुधवार को दावा किया कि उन्हें लोकसभा से जनता ने नहीं, बल्कि एक साजिश के जरिए हटाया गया। उन्होंने वादा किया कि अगर वे जिंदा रहे, तो जीवन में एक बार फिर लोकसभा में जरूर लौटेंगे। PTI ने एक न्यूज चैनल के पॉडकास्ट के हवाले से कहा कि बृजभूषण ने बताया कि उनका कार्यकाल बीच में ही खत्म कर दिया गया और उन्हें अपमानित करके बाहर कर दिया गया।

‘…तो निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ूंगा’

बृजभूषण ने कहा, ‘अगर मैं जिंदा रहा, तो लोकसभा में एक बार फिर जरूर जाऊंगा। मैं बीजेपी के टिकट पर चुनाव लड़ने की कोशिश करूंगा। अगर पार्टी टिकट नहीं देगी, तो निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ूंगा। लेकिन अगर मैं जिंदा रहा, तो जरूर चुनाव लड़ूंगा।’ यौन उत्पीड़न के आरोपों के दौर को याद करते हुए बृजभूषण ने कहा कि उस समय समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने उनके खिलाफ कोई बयान नहीं दिया। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव की इस बात को वह कभी नहीं भूलेंगे। बृजभूषण ने कहा कि BSP, JDU और RJD के नेताओं ने भी उस समय उनके खिलाफ कोई बयान नहीं दिया।

‘राहुल गांधी के सलाहकारों की सोच वामपंथी है’

कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर बोलते हुए बृजभूषण ने कहा कि जब सेना और सनातन धर्म पर सवाल उठाए जाते हैं, तो उन्हें दुख होता है। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी के सलाहकारों की सोच वामपंथी है, जिसकी वजह से ऐसे मुद्दे उठाए जाते हैं जो पाकिस्तान में पसंद किए जाते हैं। बृजभूषण ने देवीपाटन मंडल के 3 संसदीय क्षेत्रों का 6 बार प्रतिनिधित्व किया था। 2024 के आम चुनाव में कई महिला पहलवानों द्वारा लगाए गए आरोपों के बाद भारतीय जनता पार्टी ने उन्हें टिकट नहीं दिया और उनकी जगह उनके बेटे करण भूषण सिंह को कैसरगंज से मैदान में उतारा। करण भूषण सिंह फिलहाल इस लोकसभा सीट से सांसद हैं।





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *